Target Tv Live

UP Heatwave: दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में आधे से ज्यादा यूपी के, IMD का रेड अलर्ट

यूपी बना ‘आग का गोला’: दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में आधे से ज्यादा यूपी के, IMD का रेड अलर्ट

44°C की झुलसाती गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, सड़कें सूनी… लोग घरों में कैद; मौसम विभाग बोला— अभी नहीं मिलेगी राहत
By Avnish Tyagi | TargetTvLive

लखनऊ। उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की ऐसी मार झेल रहा है, जिसने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात इतने खतरनाक हो चुके हैं कि दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में उत्तर प्रदेश के शहरों का कब्जा दिखाई दे रहा है। तेज धूप, आग उगलती हवाएं और 44 डिग्री तक पहुंचा तापमान लोगों को दिन में घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रहा है।

शुक्रवार शाम जारी वैश्विक तापमान रैंकिंग ने चौंकाने वाली तस्वीर सामने रखी। दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में आधे से ज्यादा शहर उत्तर प्रदेश के दर्ज किए गए। यह स्थिति बताती है कि इस वक्त यूपी किस तरह “हीट आइलैंड” यानी आग के तवे में बदलता जा रहा है।

मुरादाबाद से वाराणसी तक… पूरा यूपी तप रहा

AQI.in की रिपोर्ट के मुताबिक मुरादाबाद, इटावा, बदायूं, बांदा, हाथरस, प्रयागराज, आगरा, वाराणसी, बरेली, बिजनौर, अलीगढ़, संभल, मुजफ्फरनगर, शामली और अमरोहा समेत दर्जनों शहरों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया।

हालांकि महाराष्ट्र का नागपुर सबसे गर्म शहर रहा, लेकिन सबसे ज्यादा शहर उत्तर प्रदेश के होने से साफ है कि इस बार गर्मी का सबसे बड़ा कहर यूपी पर टूट रहा है।

क्यों भट्टी बनता जा रहा है उत्तर प्रदेश?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की भौगोलिक स्थिति इस भीषण गर्मी की बड़ी वजह बन रही है। राजस्थान और मध्य भारत से आने वाली गर्म हवाएं बिना किसी रुकावट के सीधे यूपी में प्रवेश कर रही हैं। दूसरी तरफ मानसून की ठंडी और नमी वाली हवाएं अभी तक सक्रिय नहीं हुई हैं, जिससे सूरज की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है।

बड़े शहरों में तेजी से बढ़ते कंक्रीट के जंगल, पक्की सड़कें और कम होते पेड़-पौधे भी गर्मी को कई गुना बढ़ा रहे हैं। यही कारण है कि आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और बरेली जैसे शहरों में रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही।

विशेषज्ञ इसे “अर्बन हीट आइलैंड” का असर बता रहे हैं, जहां शहर दिनभर गर्मी सोखते हैं और रातभर उसे छोड़ते रहते हैं।

लू ने बिगाड़ी लोगों की सेहत

भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, चक्कर और उल्टी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। मजदूर, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वाले लोगों के लिए यह गर्मी सबसे बड़ी मुसीबत बन चुकी है।

IMD का रेड अलर्ट, अभी और सताएगी गर्मी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में “अत्यंत तीव्र लू” चल सकती है और तापमान में फिलहाल किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग का साफ कहना है कि मानसून के सक्रिय होने तक लोगों को इसी तरह की भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

जलवायु परिवर्तन का बड़ा संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ सामान्य गर्मी नहीं, बल्कि तेजी से बढ़ रहे जलवायु परिवर्तन का गंभीर संकेत है। पेड़ों की कटाई, बढ़ता प्रदूषण और बेतहाशा शहरीकरण आने वाले समय में हालात को और खतरनाक बना सकते हैं।

अगर अभी से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने पर गंभीर कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश में गर्मी का संकट और भयावह हो सकता है।

 Tags:

#UPHeatwave #HeatWaveAlert #IMDRedAlert #UPWeather #HeatStroke #WeatherUpdate #TargetTvLive #AvneeshTyagi #BreakingNews #ClimateChange #UPNews #SummerHeat #HeatIsland #LucknowNews #IndiaWeather

Leave a Comment

यह भी पढ़ें