भीख मांगना: सामाजिक समस्या या संगठित अपराध ?

भारत में भीख मांगने की प्रथा केवल गरीबी की उपज नहीं, बल्कि संगठित शोषण और प्रशासनिक लचरता का भी परिणाम है। यह प्रथा धार्मिक दान और सहानुभूति के ताने-बाने में इतनी गहराई से जमी हुई है कि इसे एक सामाजिक समस्या से अधिक एक सुनियोजित धंधा कहा जा सकता है। प्रियंका सौरभ द्वारा प्रस्तुत शोधपरक विश्लेषण इस मुद्दे की जटिलताओं को उजागर करता है और समाधान की दिशा में ठोस सुझाव देता है।
भीख मांगना: समस्या या धंधा ?
भारत में भीख मांगने की समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन आधुनिक संदर्भ में यह न केवल सामाजिक-आर्थिक कमजोरी को दर्शाती है, बल्कि संगठित अपराध और प्रशासनिक उदासीनता की पोल भी खोलती है। सरकार द्वारा लागू विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—जैसे मनरेगा और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना—के बावजूद यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। 2023 की वार्षिक शिक्षा स्थिति रिपोर्ट बताती है कि 18 वर्ष की आयु के 25% बच्चे बुनियादी पढ़ाई में असमर्थ हैं और 32.6% स्कूल छोड़ देते हैं। यह दर्शाता है कि शिक्षा और रोजगार की कमी बाल श्रम और भीख मांगने को बढ़ावा देती है।
संगठित गिरोह और शोषण का खेल
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि भीख मांगना अब एक सुनियोजित व्यवसाय बन चुका है। बच्चों को जबरन भीख मांगने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, उन्हें नशीले पदार्थ देकर असहाय बनाया जाता है। विकलांग और मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्तियों को भी इस शोषण का शिकार बनाया जाता है क्योंकि सहानुभूति के आधार पर मिलने वाला दान अधिक होता है। हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा बचाए गए 50 बच्चों की घटना इस संगठित गिरोह के अस्तित्व को प्रमाणित करती है।
भिखारियों के पुनर्वास में बाधाएँ
भारत में लगभग 4 लाख से अधिक लोग नियमित रूप से भीख मांगते हैं। पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं। सरकारी योजनाएँ होने के बावजूद, जागरूकता की कमी और क्रियान्वयन में खामियों के कारण लाभार्थियों तक सहायता नहीं पहुँच पाती। स्माइल योजना, जो भिखारियों के पुनर्वास के लिए बनाई गई थी, अधिकतर लोगों को पता ही नहीं है।
केंद्र और राज्य सरकारें कई कल्याणकारी योजनाएँ चलाती हैं, लेकिन समस्या यह है कि इनमें पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन की कमी है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत बच्चों को स्कूल भेजने की बाध्यता के बावजूद, भिखारी बच्चों के लिए कोई विशेष नीति नहीं है। यदि इन बच्चों को औपचारिक शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, तो वे इस दुष्चक्र से बाहर निकल सकते हैं।
कानूनी प्रावधान और उनकी कमियाँ
भारत में भीख मांगने को लेकर कई कानून बनाए गए हैं, लेकिन उनका प्रभाव सीमित है। बॉम्बे प्रिवेंशन ऑफ़ बेगिंग एक्ट, 1959, जो भीख मांगने को अपराध मानता है, अधिकतर भिखारियों को अपराधी बना देता है, जबकि संगठित गिरोह पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने जबरन भीख मांगने को अवैध बनाने और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए नए कानूनों की वकालत की है।
समाधान की दिशा में प्रयास
- 1. राष्ट्रीय डेटाबेस: सरकार को भीख मांगने वालों का एक केंद्रीकृत डेटाबेस तैयार करना चाहिए, जिससे पुनर्वास कार्यक्रमों को लक्षित किया जा सके।
- 2. आश्रय गृहों में कौशल विकास: प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना को भिखारियों के पुनर्वास से जोड़ना चाहिए ताकि उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिलें।
- मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ: भीख मांगने वाले लोगों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और नशामुक्ति सेवाओं को बढ़ावा देना चाहिए।
- शिक्षा तक पहुँच: शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत, भीख माँगने वाले बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
- जागरूकता अभियान: लोगों को सीधे भीख देने की बजाय पुनर्वास कार्यक्रमों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
भारत में भीख मांगना सिर्फ गरीबी की निशानी नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता और संगठित शोषण का परिणाम है। इस समस्या से निपटने के लिए कानूनी, सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण से ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। सरकार को सख्त कानूनों के साथ-साथ पुनर्वास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाना होगा। नागरिकों को भी इस समस्या की गहराई को समझते हुए, केवल दान देने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास करने चाहिए। केवल तभी भारत एक आत्मनिर्भर और समावेशी समाज की ओर अग्रसर हो सकेगा।











