Target Tv Live

तालिबपुर प्रकरण: गिरफ्तारी की मांग, शिवसेना ने दी महापंचायत की चेतावनी

तालिबपुर प्रकरण: गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे शिवसैनिक और ग्रामीण, तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन

महिलाओं से कथित अभद्रता के बाद दो पक्षों में हुआ था विवाद, मारपीट में 12-13 लोगों के घायल होने का दावा; गिरफ्तारी नहीं होने पर महापंचायत की चेतावनी

बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र के ग्राम तालिबपुर उर्फ तालमपुर में कुआं पूजन के दौरान हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के पदाधिकारियों और गांव के पीड़ित पक्ष के प्रतिनिधिमंडल ने थाना चांदपुर पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। थाना प्रभारी ने तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

शिवसेना के जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष कहा कि तालिबपुर गांव में एक हिंदू परिवार की महिलाएं अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ कुआं पूजन के लिए जा रही थीं। आरोप है कि इस दौरान मुस्लिम मोहल्ले के रास्ते से गुजरते समय कुछ लोगों ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कीं और उनके साथ छेड़छाड़ की। महिलाओं और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

चौधरी वीर सिंह के अनुसार, इस घटना में 12 से 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पांच दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो महापंचायत की चेतावनी

इस दौरान पंडित नरेश शर्मा ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से पहले ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय दिया गया था। यदि इस अवधि में गिरफ्तारी नहीं होती है तो सभी हिंदू संगठनों और हिंदू समाज की 36 बिरादरियों को साथ लेकर तालिबपुर उर्फ तालमपुर में महापंचायत आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सभी संगठनों को एकजुट किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

थाना प्रभारी के आश्वासन पर टिकी निगाहें

थाना प्रभारी से मुलाकात के दौरान पुलिस की ओर से तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। गांव में घटना को लेकर बने तनावपूर्ण माहौल के बीच निष्पक्ष जांच, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करना प्रशासन के लिए अहम है।

ये रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में शिवसेना जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह, डॉ. दिनेश तोमर, अजय शर्मा, जिला उप प्रमुख मुकेश लाबा, धर्मवीर तोमर, धर्मेंद्र शर्मा, देव कुमार, प्रभास कुमार, पुष्पेंद्र कश्यप, विकास सैनी, संदीप चौहान, प्रियांशु चौधरी, प्रीतम सैनी, मंगल सैनी, पवन सैनी, नरेश सैनी और गजेंद्र सैनी सहित शिवसैनिक एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

अवनीश त्यागी | Target TV Live

Leave a Comment

यह भी पढ़ें