Target Tv Live

नई ई-रिक्शा के लालच में 8 महीने के मासूम को 1.80 लाख में बेचा, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

बिजनौर में कलियुगी पिता की शर्मनाक करतूत:

नई ई-रिक्शा के लालच में 8 महीने के मासूम को 1.80 लाख में बेचा, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

TargetTvLive स्पेशल रिपोर्ट : अवनीश त्यागी

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के मण्डावली थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक लालची पिता ने महज एक नई ई-रिक्शा खरीदने के शौक और पैसों के लालच में अपने ही 8 महीने के दूधमुंहे बेटे को ₹1,80,000 में बेच दिया। TargetTvLive के पास मौजूद आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मण्डावली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया है और चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है।

पैसों के लालच में बना दिया गया बच्चे का सौदा

पुलिस पूछताछ में सामने आए खुलासे बेहद चौंकाने वाले हैं। मण्डावली थाने में दर्ज कराई गई तहरीर के मुताबिक, वादी आराम सिंह (निवासी ग्राम कोटावाली) पिछले कई वर्षों से शमशेर और खुर्शीद की ई-रिक्शा किराए पर चलाता था। आराम सिंह को जब नई ई-रिक्शा खरीदने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी, तो इन अभियुक्तों ने उसे उसका 8 महीने का मासूम बेटा बेचने की बेहद घिनौनी सलाह दी और खुद ही खरीदार तलाशने की बात कही।

1 लाख 80 हजार में तय हुआ सौदा

योजना के तहत, इन आरोपियों ने 3 अक्टूबर 2025 को आराम सिंह के 8 महीने के बेटे का सौदा देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता (निवासी ग्राम खुशहालपुर मठेड़ी, थाना नगीना देहात) के साथ ₹1,80,000 में तय करवाकर बिकवा दिया।

खरीदार दंपत्ति देवराज सिंह और सुनीता ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उनकी 6 पुत्रियां हैं और घर में कोई बेटा न होने के कारण उन्होंने बिचौलियों के माध्यम से इस बच्चे को खरीदा था। हालांकि, बच्चे की तबीयत खराब होने के बाद उसे ग्राम श्यामीवाला में एक रिश्तेदारी में छोड़ दिया गया था, जहाँ से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सभी 4 आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मण्डावली पुलिस ने तुरंत कानूनी शिकंजा कसते हुए मुकदमा दर्ज किया।

  • मुकदमा संख्या: मु0अ0सं0 147/26
  • धाराएं: 61(2)/143(4)/351(3) BNS व 81 किशोर न्याय (बच्ची की देखभाल संरक्षण अधिनियम-2015)

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम:

  1. शमशेर पुत्र बुन्दु – निवासी ग्राम श्यामीवाला, थाना मण्डावली, बिजनौर
  2. खुर्शीद पुत्र अब्दुल – निवासी ग्राम श्यामीवाला, थाना मण्डावली, बिजनौर
  3. देवराज सिंह पुत्र झडिया – निवासी ग्राम खुशहालपुर मठेडी, थाना नगीना देहात, बिजनौर
  4. सुनीता पत्नी देवराज सिंह – निवासी ग्राम खुशहालपुर मठेडी, थाना नगीना देहात, बिजनौर

सराहनीय पुलिस टीम

इस पूरे अंधेरे कारनामे का पर्दाफाश करने वाली मण्डावली थाने की पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लखनलाल, कांस्टेबल हर्ष खोखर, कांस्टेबल आजाद और महिला कांस्टेबल विशाखा शामिल रहीं। TargetTvLive समाज से जुड़े ऐसे हर बड़े और संवेदनशील मामलों पर आगे भी पैनी नजर बनाए रखेगा। पुलिस द्वारा इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें