Target Tv Live

घर का लॉकर तोड़कर उड़ाए डेढ़ लाख, चोरी के पैसों से खरीदा आईफोन; एसपी ने किया खुलासा

शेरकोट चोरी कांड का खुलासा: दो गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा; चोरी के रुपयों से खरीदा 82 हजार का आईफोन

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता कर दी घटना की जानकारी, 60 हजार नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद

बिजनौर, 30 अक्टूबर। शेरकोट के गांव मिर्जापुर में घर का लॉकर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, छह जोड़ी पायल और एक आईफोन बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर खंडसाल निवासी अंकित त्यागी ने 29 अक्टूबर को शेरकोट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26 अक्टूबर को गांव मिर्जापुर स्थित उनकी बहन के घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने शुक्रवार को दो आरोपियों अर्जुन पुत्र अनिल और प्रियांशु त्यागी पुत्र राजीव त्यागी, निवासी गांव मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

घर में एक घुसा, दो बाहर करते रहे निगरानी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर 26 और 27 अक्टूबर की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इनमें से एक घर के अंदर जाकर अलमारी का लॉकर तोड़ रहा था, जबकि दो अन्य बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे, ताकि किसी को उनकी गतिविधियों का पता न चल सके।

चोरी के पैसों से खरीदा 82 हजार का आईफोन

पुलिस की पूछताछ में चोरी की रकम के बंटवारे की जानकारी भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, बाल अपचारी ने चोरी के रुपयों से करीब 82 हजार रुपये का आईफोन खरीदा था। अर्जुन के हिस्से में 40 हजार रुपये और चार जोड़ी पायल आई थीं, जबकि प्रियांशु के हिस्से में एक मंगलसूत्र और दो जोड़ी पायल आई थीं। आठ हजार रुपये खाने-पीने में खर्च किए जाने की बात भी आरोपियों ने बताई।

60 हजार नकद और जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु का मंगलसूत्र, छह जोड़ी सफेद धातु की पायल, 60 हजार रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में शेरकोट थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह, उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह तथा कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, अमन खैवाल और आकाश कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी | Target TV Live

Leave a Comment

यह भी पढ़ें