बिजनौर में नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा पकड़ा, 14 लाख नकद समेत चार गिरफ्तार
एक लाख से अधिक कैप्सूल, 7200 अल्प्राजोलम टैबलेट और कोडीन सिरप बरामद; मेडिकल स्टोरों तक सप्लाई का खुलासा
बिजनौर। अवनीश त्यागी | Target TV Live
‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत बिजनौर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। हल्दौर पुलिस ने शरीफपुर नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने चारों के कब्जे से 1,00,800 प्रतिबंधित कैप्सूल, 7,200 अल्प्राजोलम टैबलेट, 30 शीशी कोडीन सिरप और 13,99,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। कार और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने 30 अक्टूबर को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर कार्रवाई का खुलासा किया। उनके मुताबिक, हल्दौर पुलिस शरीफपुर नहर पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार हर्ष ढाका और रितिक कुमार ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर शेरपुर कल्याण अड्डे के यात्री शेड से उनके साथी सुहैल और आयान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष ढाका निवासी जोगीओधा, रितिक कुमार निवासी मारूफपुर, सुहैल निवासी शाहचन्दन और आयान निवासी पीपली जट शामिल हैं।
मेडिकल स्टोरों तक सप्लाई का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह बनाकर नशीली दवाओं की मेडिकल स्टोरों तक सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। बरामद नकदी से आगे दवाओं की खरीद की योजना थी। अब पुलिस के सामने दवाओं के स्रोत, सप्लाई चैन और कथित रूप से जुड़े मेडिकल स्टोरों की पहचान करना अहम चुनौती है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
थाना हल्दौर में मुकदमा अपराध संख्या 291/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, कांस्टेबल गंगाधर, टींकू कुमार और अंकित तोमर शामिल रहे।
कार्रवाई के बाद बड़ा सवाल
एक लाख से अधिक कैप्सूल और करीब 14 लाख रुपये की बरामदगी नशीली दवाओं के कारोबार की गंभीरता को उजागर करती है। अब जरूरत है कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे बढ़कर दवाओं के स्रोत, बड़े सप्लायरों और वितरण नेटवर्क की भी जांच करे। तभी ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का असर जमीनी स्तर पर दिखाई देगा।
Target TV Live | अवनीश त्यागी












