बिजनौर में नमक के कट्टों की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का खेल: चांदपुर पुलिस और आबकारी विभाग ने पकड़ी 327 पेटी चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब, दो गिरफ्तार

अवनीश त्यागी | TargetTvLive
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की चांदपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक बड़े अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नमक के कट्टों के नीचे छिपाकर लाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप (327 पेटी) के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
बैरियर चेकिंग के दौरान खुला राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चांदपुर पुलिस बवनपुरा चौकी पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा के कैथल से नमक लादकर आ रहे एक ट्रक (संख्या UP53ET8866) को रोककर जब गहनता से तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। ट्रक में नमक के 650 कट्टों के ठीक नीचे बड़ी सफाई से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की कुल 327 पेटियां छिपाई गई थीं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: बिहार खपाने की थी योजना
पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान अनिल कुमार पाण्डेय (निवासी गोपालगंज, बिहार) जो कि ट्रक चालक है, और शीशपाल कुशवाहा (निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश) जो कि क्लीनर है, के रूप में हुई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी चालक अनिल कुमार ने बताया कि कुशीनगर में उसकी मुलाकात विकास नामक व्यक्ति से हुई थी। विकास ने उसे शराब से भरा ट्रक सुरक्षित पहुंचाने के एवज में ₹20,000, प्रतिदिन का खर्चा और काम पूरा होने पर अतिरिक्त ₹30,000 देने का लालच दिया था। योजना के मुताबिक, चंडीगढ़ से नमक के फर्जी कागजात और बिल्टी तैयार करवाकर इस अवैध खेप को मेरठ, गजरौला, धनौरा और बिजनौर के रास्ते कुशीनगर होते हुए बिहार में खपाने की पूरी तैयारी थी।
भारी मात्रा में शराब और नकदी बरामद
पुलिस और आबकारी टीम ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- ओल्ड हैबिट व्हिस्की: 50 पेटियां (प्रत्येक पेटी में 12 बोतल, कुल 600 बोतल)
- ओल्ड हैबिट व्हिस्की (हाफ): 114 पेटियां (कुल 2,736 हाफ)
- ओल्ड हैबिट व्हिस्की (पौव्वा): 127 पेटियां (कुल 6,096 पौव्वे)
- सुपर जुबली स्पेशल व्हिस्की (हाफ): 20 पेटियां (कुल 480 हाफ)
- रॉयल मैंसन गोल्ड व्हिस्की (हाफ): 4 पेटियां (कुल 96 हाफ)
- सुपर जुबली गोल्ड रिजर्व व्हिस्की (पौव्वा): 12 पेटियां (कुल 576 पौव्वे)
- इसके अलावा ₹3,150 नकद, एक मोबाइल फोन और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक (UP53ET8866) को भी जब्त कर लिया गया है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। चालक अनिल कुमार पाण्डेय पर पहले से कुशीनगर के थानों में दुर्घटना और आबकारी अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं, वहीं शीशपाल कुशवाहा पर भी आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस और आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस सराहनीय खुलासे को अंजाम देने वाली टीम में थाना चांदपुर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार, वरिष्ठ उप-निरीक्षक पुष्पेन्द्र राठी, स्वाट टीम प्रभारी शौरत अली सहित अन्य पुलिसकर्मी और आबकारी निरीक्षक चांदपुर कुसुमाकर धर एवं उनकी टीम शामिल रही।
थाना चांदपुर में अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य मुख्य सरगना ‘विकास’ और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।












