एक मंच, 150 परिवार: विश्वकर्मा समाज ने रच दी मिसाल, नेताओं ने की तारीफ

विश्वकर्मा फैमिली क्लब द्वारका ने दिल्ली में चौथा युवक–युवती परिचय एवं परिवार मिलन समारोह आयोजित किया। 150 से ज्यादा परिवार हुए शामिल, विधायक और निगम पार्षद रहे मौजूद।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार को सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों का अनूठा संगम देखने को मिला। विश्वकर्मा फैमिली क्लब, द्वारका की ओर से मेन वजीराबाद रोड स्थित गरिमा गार्डन में चौथा युवक-युवती परिचय एवं परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के करीब 150 से ज्यादा पंजीकृत परिवारों के विवाह योग्य युवक-युवतियां और उनके परिजन एक ही मंच पर एकत्र हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को आपस में परिचित कराने के लिए एक सशक्त और विश्वसनीय मंच प्रदान करना था। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल रिश्तों की डोर जोड़ते हैं, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
दलों से ऊपर उठकर जुटे जनप्रतिनिधि
समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कई दलों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रबुद्धजन एक साथ नजर आए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समारोह अध्यक्ष यशपाल सिंह धीमान ने की, जबकि संचालन समन्वयक महेश पांचाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों में बिजनौर से डॉक्टर विनोद शर्मा एवं धर्मपत्नी रेखा शर्मा, रोहताश नगर से भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन, आम आदमी पार्टी की रोहताश नगर वार्ड से निगम पार्षद शिवानी पांचाल, करावल नगर वार्ड से भाजपा निगम पार्षद शिमला देवी पांचाल, भाजपा नवीन शाहदरा जिला अध्यक्ष मास्टर विनोद कुमार, अशोक नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय पांचाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा डॉ. विजेंद्र कुमार, समाजसेवी एमके राजपूत, आरके शर्मा, पंडित अरविंद शर्मा धीमान, एडवोकेट संगीता कौशिक, डॉ. रमेश, सचिन विश्वकर्मा, डॉ. संजीव, डॉ. उमेश कुमार, नरेश, मीडिया प्रभारी पत्रकार भूपेंद्र पांचाल सहित समाज के कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
विधायक ने की सराहना, पार्षदों ने दिया एकजुटता का संदेश
विधायक जितेंद्र महाजन ने विश्वकर्मा समाज के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज की एकजुटता और सामाजिक मिलन के लिए बेहद जरूरी हैं। वहीं निगम पार्षद शिवानी पांचाल और शिमला देवी पांचाल ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया।
आगे भी जारी रहेगा प्रयास
कार्यक्रम के अध्यक्ष यशपाल धीमान एवं समन्वयक महेश पांचाल ने संयुक्त रूप से कहा कि संस्था का मकसद परिवारों को एक मंच पर एकत्र कर उन्हें परिचित करवाना है। उन्होंने कहा कि समाज हित में यह प्रयास निरंतर जारी है और आगे भी इसे जारी रखने का संकल्प है।
गौरतलब है कि विश्वकर्मा फैमिली क्लब द्वारा आयोजित यह चौथा परिचय सम्मेलन था, जिसमें हर बार की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में परिवारों की भागीदारी ने इसे सफल बनाया।
— अवनीश त्यागी, TargetTvLive












