Target Tv Live

“कोई फर्क नहीं पड़ता…” कहने वालों का सच! जब ‘छोटी खबर’ ने बड़े अफसरों की नींद उड़ा दी

“कोई फर्क नहीं पड़ता…” कहने वालों का सच! जब ‘छोटी खबर’ ने बड़े अफसरों की नींद उड़ा दी

अवनीश त्यागी 

“फर्क पड़ता है भाई…” — एक पुराने विज्ञापन से आज तक का सच

करीब तीन दशक पहले सड़क सुरक्षा पर बना एक सरकारी विज्ञापन बहुत चर्चित हुआ था। उस विज्ञापन में एक युवक तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए लोगों की सलाह को हल्के में लेता है और बार-बार कहता है— “कोई फर्क नहीं पड़ता।”

लेकिन कुछ ही क्षण बाद दृश्य बदल जाता है। वही युवक अब एक तस्वीर बन चुका होता है, तस्वीर पर फूलों का हार चढ़ा होता है… और उसी तस्वीर से आवाज आती है—
“फर्क तो पड़ता है भाई…”

यह छोटा सा दृश्य दरअसल एक बड़ा सामाजिक संदेश था—
लापरवाही का असर देर-सवेर दिखता जरूर है।

जब एक अफसर ने कहा—“छोटे अखबार हैं, कोई फर्क नहीं पड़ता”

पत्रकारिता की दुनिया में भी अक्सर ऐसे संवाद सुनाई देते हैं।
मुझे भी एक पुराना वाकया याद आता है।

साल 2015 में एक जिले के वरिष्ठ अधिकारी के विभाग में चल रही अनियमितताओं पर खबर प्रकाशित हुई। खबर छपते ही वह अधिकारी नाराज़ हो गया और दूसरे पत्रकार से तंज कसते हुए बोला—

“अरे, बड़े अखबार होते तो बात भी थी… इन छोटे अखबारों में छपने से कोई फर्क नहीं पड़ता।”

यह वाक्य किसी तरह मेरे कानों तक पहुंच गया।

और फिर शुरू हुआ एक ऐसा खोजी पत्रकारिता अभियान, जिसने उस “कोई फर्क नहीं पड़ता” को हमेशा के लिए बदल दिया।

जब ‘कब्र खोदवा पत्रकारिता’ शुरू हुई

उसके बाद उस अधिकारी के हर पहलू की पड़ताल शुरू हुई—

  • जमीन-जायदाद के सौदे
  • संपत्ति की खरीद-फरोख्त
  • रिश्वत के आरोप
  • विभागीय विवाद
  • संदिग्ध फैसले

जो बातें लोगों के बीच दबे स्वर में कही जाती थीं, वे दस्तावेजों और तथ्यों के साथ सामने आने लगीं।

खबरें लगातार प्रकाशित होती रहीं।
नतीजा यह हुआ कि कई स्तर पर जांच बैठ गई।

जब वही अफसर बोला—“भाई, हम दोनों तो ओबीसी हैं…”

कुछ समय बाद उस अधिकारी का फोन आया।
लेकिन सीधे नहीं।

एक दूसरे पत्रकार के फोन से।

फोन उठाते ही उसने कहा—

“भाई, हम दोनों तो भाई-भाई हैं… यानी एक वर्ग से  हैं।”

मैंने मुस्कुराकर जवाब दिया—

“अरे, आपको तो कोई फर्क ही नहीं पड़ना था। ये ओबीसी वाली बात कहां से आ गई?
लिखने वाले तो छोटे-मझोले अखबार हैं… क्या ही फर्क पड़ेगा।”

बात वहीं खत्म हो गई।

लेकिन कहानी नहीं।

नतीजा: प्रमोशन भी गया, प्रतिष्ठा भी

समय बीतता गया।
कुछ साल पहले वह अधिकारी रिटायर भी हो गया।

लेकिन जानकारी के मुताबिक—

  • उसे प्रमोशन नहीं मिला
  • विभागीय विवादों का असर पड़ा
  • करियर पर दाग अलग लगा

यानी जिसे लगता था कि “कोई फर्क नहीं पड़ता”, उसके जीवन में फर्क साफ दिखाई दिया।

आज फिर वही संवाद: “कोई फर्क नहीं पड़ता”

हाल ही में एक समाचार ग्रुप में किसी क्षेत्र की घटनाओं को लेकर लगातार खबरें चल रही हैं।

जब एक पत्रकार साथी से पूछा गया कि मामला क्या है, तो जवाब मिला—

“भइया, इंचार्ज कह रहा है—कोई फर्क नहीं पड़ता।”

यानी वही पुराना वाक्य।
वही पुराना भ्रम।

और शायद वही पुराना परिणाम।

असल सच: जिसे फर्क नहीं पड़ना चाहिए, वही सबसे ज्यादा डरता है

पत्रकारिता का एक दिलचस्प मनोविज्ञान है।

जो लोग बार-बार कहते हैं—

“कोई फर्क नहीं पड़ता”

दरअसल अक्सर वही लोग अंदर से सबसे ज्यादा परेशान होते हैं।

क्योंकि उन्हें पता होता है—

  • पत्रकार के पास तथ्य खोजने की आज़ादी होती है
  • जबकि सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति पर नियमों की कई परतें होती हैं
  • और जब मामला दस्तावेजों तक पहुंचता है, तो जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो जाती हैं

एक और उदाहरण: 15 साल में करोड़ों की संपत्ति

हाल ही में एक केंद्रीय कर्मचारी का मामला सामने आया।

करीब 15 साल की नौकरी में ही वह कई करोड़ की संपत्ति का मालिक बन गया।

जब किसी ने कहा कि खबर छप सकती है, तो उसका जवाब भी वही था—

“कोई फर्क नहीं पड़ता।”

लेकिन तीन खबरें छपने के बाद हालात बदल गए।

आज स्थिति यह है कि केंद्रीय जांच एजेंसियां खुद संपर्क करके विस्तृत जानकारी लेने की कोशिश कर रही हैं।

यानी फर्क पड़ा।

और खूब पड़ा।

पत्रकारिता का सिद्धांत: असर कभी-कभी देर से दिखता है

पत्रकारिता कोई जादू की छड़ी नहीं है कि खबर छपी और तुरंत परिणाम सामने आ गया।

लेकिन इतिहास गवाह है—

  • कई बड़े घोटाले
  • कई बड़े भ्रष्टाचार
  • कई बड़े प्रशासनिक फैसले

छोटी-सी खबर से ही शुरू हुए थे।

असर दिखने में समय लग सकता है,
लेकिन सच की गति धीमी जरूर होती है… रुकती नहीं।

अंतिम बात

इसलिए अगली बार जब कोई अधिकारी, नेता या कर्मचारी यह कहे—

“कोई फर्क नहीं पड़ता…”

तो समझ लीजिए—

फर्क पड़ चुका है।
बस उसकी आवाज़ अभी बाहर आनी बाकी है।

क्योंकि इतिहास बार-बार यही कहता है—

“फर्क पड़ता है… और बहुत पड़ता है।”

Leave a Comment

यह भी पढ़ें