Target Tv Live

प्रयागराज भगदड़: प्रशासनिक लापरवाही या आस्था का उन्माद ?

प्रयागराज भगदड़: प्रशासनिक लापरवाही या आस्था का उन्माद ?

लेखिका : प्रियंका सौरभ

 

प्रयागराज में हाल ही में हुई भगदड़ ने एक बार फिर धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पहली बार नहीं है जब इस पौराणिक नगर में ऐसी त्रासदी घटी हो। इतिहास गवाह है कि 1954 और 2013 में भी महाकुंभ के दौरान इसी तरह की घटनाएं हुई थीं, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन इससे कोई सबक सीख पाया, या फिर यह हादसा भी केवल “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” कहकर भुला दिया जाएगा ?

भीड़ नियंत्रण: चुनौती या प्रशासन की असफलता ?

कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में लाखों, बल्कि करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। संगम में स्नान करना हिंदू धर्म में मोक्ष प्राप्ति का मार्ग माना जाता है, और इसी आस्था के चलते हर कोई त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाना चाहता है। लेकिन जब दस लोगों के लिए बनी जगह पर सौ लोग आ जाएं, तो भगदड़ जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। प्रशासन का यह कर्तव्य बनता है कि वह भीड़ प्रबंधन की ऐसी योजनाएं बनाए, जिससे किसी भी स्थिति में अनुशासन न टूटे।

हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी प्रशासन पर सवाल उठे हैं। वीआईपी संस्कृति के चलते आम भक्तों को किनारे किया जाता है, मार्ग अवरुद्ध किए जाते हैं और इससे अव्यवस्था फैलती है। धार्मिक आयोजनों में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तो होती है, लेकिन क्या वे इतनी विशाल भीड़ को संभालने में सक्षम होते हैं?

सरकार का राजस्व केंद्रित दृष्टिकोण

कुंभ जैसे आयोजनों को सरकारें अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करती हैं। भारी मात्रा में प्रचार किया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। लेकिन क्या इस बढ़ी हुई भीड़ के लिए उचित व्यवस्था की जाती है? प्रयागराज में उपलब्ध भूमि को राजस्व के लिए पट्टे पर देना, बिचौलियों की भूमिका और वीआईपी संस्कृति के कारण अव्यवस्था पैदा होती है। जब हर जगह पैसा और प्रभावशाली लोगों की प्राथमिकता तय की जाएगी, तो आम जनता के लिए स्थान और सुविधाएं सीमित हो जाएंगी, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न होती है।

धार्मिक नेताओं और मीडिया की भूमिका

आज के दौर में धार्मिक नेताओं की जिम्मेदारी सिर्फ प्रवचन देने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि वे श्रद्धालुओं को यह समझाते कि स्नान केवल एक दिन में ही नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि पूरे कुंभ के 45 दिनों में कभी भी किया जा सकता है, तो भीड़ को नियंत्रित किया जा सकता था।

दूसरी ओर, मीडिया का रवैया भी चिंता का विषय है। दुर्घटना के बाद सनसनीखेज रिपोर्टिंग और टीआरपी के लिए अतिशयोक्ति से परहेज करना चाहिए। मीडिया को चाहिए कि वह घटनाओं के मूल कारणों पर ध्यान केंद्रित करे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।

समाधान की ओर एक कदम
  • बेहतर भीड़ प्रबंधन: टेक्नोलॉजी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग करके भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय किए जाएं।
  •  प्रभावशाली लोगों के लिए विशेष मार्ग खत्म हों: वीआईपी संस्कृति पर रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
  •  धार्मिक नेताओं की सक्रिय भूमिका: धार्मिक नेताओं को श्रद्धालुओं को सही जानकारी देकर भीड़ के समान वितरण में मदद करनी चाहिए।
  •  सरकार की प्राथमिकता व्यवस्था हो, न कि मुनाफा: भूमि के व्यावसायीकरण से ज्यादा, सुविधाओं पर ध्यान दिया जाए।

प्रयागराज में हुई भगदड़ को केवल एक हादसा कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह प्रशासनिक लापरवाही, वीआईपी संस्कृति, सरकार की राजस्व केंद्रित मानसिकता और धार्मिक नेताओं की निष्क्रियता का परिणाम है। जब तक इन पहलुओं पर ठोस सुधार नहीं किए जाते, तब तक ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति होती रहेगी। सनातन धर्म को केवल प्रचार की नहीं, बल्कि अनुशासन और समर्पण की भी आवश्यकता है। यही सच्ची श्रद्धा होगी।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें