नजीबाबाद पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह की एक और सक्रिय महिला सदस्य को किया गिरफ्तार, 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद
बिजनौर : बिजनौर जनपद की नजीबाबाद थाना पुलिस ने लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले एक बड़े संगठित गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़ी एक और महिला अभियुक्त शबाना (पत्नी शहजाद, निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, बिजनौर) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
झूठे मुकदमों और ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस के अनुसार, नजीबाबाद थाने पर मौ. आसिम और नवाब नामक दो व्यक्तियों द्वारा अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए गए थे। इनमें आरोप लगाया गया था कि गिरोह का मुख्य सरगना जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अपने साथियों और महिलाओं के साथ मिलकर निर्दोष लोगों के खिलाफ दुष्कर्म (बलात्कार), गैंगरेप, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में झूठे मुकदमे दर्ज कराता था। इसके बाद कोर्ट में समझौते और केस वापस लेने के नाम पर भारी धनराशि की मांग की जाती थी।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर नजीबाबाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और 308(5) के तहत मुकदमे (मु०अ०सं० 454/2026 व 460/2026) पंजीकृत किए हैं।
पहचान बदलकर दर्ज कराती थी झूठी शिकायतें
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त शबाना ने खुलासा किया कि सरगना बब्बू लंगड़ा ने ही उसे फर्जी आधार कार्ड बनवाकर दिए थे। इन फर्जी आधार कार्डों की मदद से वह अपनी पहचान बदलकर अलग-अलग थानों और अदालतों (धारा 156(3) CrPC) के माध्यम से पूर्व-नियोजित कहानी के आधार पर झूठे मुकदमे दर्ज कराती थी। शबाना के खिलाफ पूर्व में भी अमरोहा के थाना रजबपुर में पॉक्सो और दुष्कर्म से संबंधित झूठा मामला दर्ज कराने का आपराधिक इतिहास सामने आया है।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमों में बीएनएस की धारा 338, 336(3) और 340(2) की बढ़ोतरी की है।
अब तक 17 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले गिरोह के मुख्य सरगना जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, दिलशाद, गुड्डी, कुंती, प्रीति, मौ. आसिफ, शायमा, अन्तिमा, शहाना, सानिया, हिफजान, रविता गौतम और नौशाद समेत 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम द्वारा मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












