Target Tv Live

सहकारी समितियों को मिलेगा ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट पर अनुदान, 31 अगस्त तक करें आवेदन

सहकारी समितियों को मिलेगा ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट पर अनुदान, 31 अगस्त तक करें आवेदन

बिजनौर, 22 अगस्त 2025। जनपद के सहकारी समितियों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। केन्द्र पोषण निधानित “नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयलसीड्स) वर्ष 2025-26 योजना” के तहत सहकारी समितियों को 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट की स्थापना पर प्रोजेक्ट लागत का 33 प्रतिशत, अधिकतम ₹9.90 लाख तक का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने बताया कि यह सुविधा केवल उन्हीं सहकारी समितियों को मिलेगी जो कम्पनी अधिनियम अथवा सहकारिता अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत हों। इसके अलावा पात्रता के लिए समितियों का कम से कम तीन वर्षों का अनुभव, 200 कृषक सदस्य, पिछले तीन वर्षों का औसत कारोबार ₹9 लाख से अधिक तथा कृषकों की ₹3 लाख की इक्विटी होना अनिवार्य है।

आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रहेगी। इच्छुक सहकारी समितियां कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in या upfposhaktiportal.up.gov.in पर 31 अगस्त 2025 तक आवेदन कर सकती हैं।

यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन आते हैं तो जनपद स्तरीय गठित समिति के समक्ष ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के जरिए लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

डॉ. वर्मा ने सभी योग्य सहकारी समितियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय से आवेदन अवश्य करें।

यह भी पढ़ें