Target Tv Live

चंद्राकर की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने सौंपा ज्ञापन

पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने सौंपा ज्ञापन


रिपोर्ट अनिल कुमार पाठक

BALRAMPUR. रायपुर, छत्तीसगढ़ निवासी पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा के निर्देश पर जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाठक के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

ज्ञापन में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या को निर्भीक पत्रकारिता और संविधान की हत्या करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की गई। परिषद ने इस घटना के जिम्मेदार लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित न्याय और पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाठक ने कहा, “पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, लेकिन इस पर लगातार हो रहे हमले चिंताजनक हैं। मुकेश चंद्राकर की हत्या ने पत्रकारों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद यह देखना होगा कि सरकार और प्रशासन मीडिया की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।”

उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समय की मांग है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र की नींव को कमजोर करती हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की बलरामपुर टीम, ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया। सभी ने एकजुट होकर निर्भीक पत्रकारिता की सुरक्षा की मांग की।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें