Target Tv Live

बागपत के अमन को मिलेगा स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड, जिले का नाम करेंगे रोशन

बागपत के अमन को मिलेगा स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड, जिले का नाम करेंगे रोशन

BAGPAT. बागपत के ट्यौढी गांव निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जनवरी को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में अमन को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस से एक दिन पहले दिए जाने वाले इस सम्मान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और 50,000 रुपए का चेक शामिल है।

अमन का संघर्ष और सफलता की कहानी प्रेरणादायक
अमन कुमार का सफर संघर्ष से प्रेरणा तक का रहा है। आठवीं कक्षा में पढ़ते समय साइकिल से अखबार बांटने वाले इस होनहार युवक ने समाज सेवा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अपने कार्यों से प्रदेशभर में पहचान बनाई। वर्तमान में अमन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से समाज कार्य में अध्ययनरत हैं। वे उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं, जो युवाओं को शैक्षिक और सामाजिक दिशा में प्रेरित करता है।

तकनीकी नवाचारों से समाज को दी नई दिशा
अमन कुमार ने आईसीटी (सूचना और संचार प्रौद्योगिकी) का उपयोग कर समाज में बदलाव के अनूठे मॉडल विकसित किए। वर्ष 2021 में उन्होंने “प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360” शुरू किया, जिससे 84 लाख से अधिक युवाओं को कैरियर अवसरों और शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी मिली। 2022 में कांवड़ यात्रा एप, 2023 में नगर निकाय निर्वाचन एप, और 2024 में स्वीप बागपत एप जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए उन्होंने लाखों लोगों को ई-गवर्नेंस सेवाओं से जोड़ा।

डिजिटल पंचायत से विकसित भारत की ओर
अमन ने अपने गांव और जिले को डिजिटल बागपत बनाने का सपना देखा है। उन्होंने ग्राम पंचायत फैजपुर निनाना की वेबसाइट बनाकर उसे डिजिटल पंचायत का दर्जा दिलवाया। उनके कार्यों के लिए यूनिसेफ इंडिया ने उन्हें नेशनल यू एंबेसडर नियुक्त किया और उनकी विशेषज्ञता पर महत्वपूर्ण राय ली।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
अमन की उपलब्धियों ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाई। फिनलैंड के हंड्रेड संस्थान ने उन्हें एडवाइजरी बोर्ड का सदस्य बनाया, जबकि यूनेस्को, यूएनएफसीसीसी, और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संगठनों के साथ जुड़कर उन्होंने वैश्विक स्तर पर अपने कार्यों का प्रभाव छोड़ा।

जिले के लिए गर्व का पल
यह पहला मौका है जब बागपत के किसी युवा को स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड मिलेगा। अमन के प्रयासों से न केवल जिले का नाम रोशन हुआ है, बल्कि उन्होंने युवाओं के लिए एक मिसाल कायम की है। अमन का सपना है कि बागपत के युवा अपनी जड़ों और इतिहास को पहचानें और विकास में योगदान दें।

11 जनवरी को होने वाले इस ऐतिहासिक क्षण में अमन कुमार का सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व का पल होगा।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें