नगर पंचायत चेयरमैन पर ठेकेदारी में धांधली का आरोप, जांच की मांग

BIJNOR. नगर पंचायत बढ़ापुर के चेयरमैन दिलशाद अंसारी पर ठेकेदारी में परोक्ष रूप से शामिल होने और विकास कार्यों में धांधली का गंभीर आरोप लगाया गया है। यह आरोप नगर पंचायत के पूर्व सभासद मोहम्मद शहजाद ने लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत कर जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में पूर्व सभासद ने आरोप लगाया है कि चेयरमैन दिलशाद अंसारी राजपाल कॉन्ट्रैक्टर के माध्यम से अधिकतर निर्माण कार्यों में ठेकेदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्य मैन्युअल टेंडर और कोटेशन के आधार पर राजपाल कॉन्ट्रैक्टर को दिए जाते हैं, जहां आवागमन न हो, वहां घटिया सामग्री का उपयोग किया जाता है। इसका परिणाम यह होता है कि सड़कों में कुछ ही समय में दरारें आने लगती हैं।
शहजाद ने अपनी शिकायत में मोहल्ला सत्तीयान में कब्रिस्तान के पास, भजड़ावाला में असलम के मकान से आदिल के मकान तक, और मोहल्ला पठानान में जमा मस्जिद के पास सीसी रोड निर्माण कार्य का हवाला दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंप हाउस का निर्माण, बस स्टैंड पर डिवाइडर की मरम्मत, और सब्जी मंडी चौराहे पर बिना टेंडर के इंटरलॉकिंग वर्क ऑर्डर ठेकेदार को दिया गया।
पूर्व सभासद ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि चेयरमैन द्वारा ठेकेदारी में की जा रही अनियमितताओं और ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की निष्पक्ष जांच कराई जाए। शिकायत में उन्होंने एक कमेटी बनाकर मामले की जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अब यह देखना होगा कि इस शिकायत पर प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करते हैं और मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।











