महाकुंभ-2025 के लिए केन्द्रीय मंत्री को न्यौता

मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता करेंगे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह
LUCKNOW. उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर महाकुंभ-2025 में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। यह मुलाकात श्री शेखावत के सरकारी आवास पर हुई, जहां श्री सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए किए जा रहे विशेष प्रयासों की जानकारी दी।

13 जनवरी से 26 फरवरी, 2025 तक आयोजित होगा महाकुंभ
श्री सिंह ने बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ-2025 का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक किया जाएगा। इस पावन आयोजन में देश-विदेश से लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य महाकुंभ की धार्मिकता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक महत्व को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करना है।
महाकुंभ को यादगार बनाने के प्रयास
पर्यटन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ को एक यादगार अनुभव बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को सजाने और संवारने का काम किया जा रहा है, ताकि महाकुंभ के जरिए सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा मिले।
स्थलीय निरीक्षण और पत्रकार वार्ता
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि 08 जनवरी को वे केन्द्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ प्रयागराज पहुंचेंगे और कुम्भ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। दोनों मंत्री भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन और संस्कृति विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे।
पर्यटन मंत्री ने जानकारी दी कि वे कल अपराह्न 3 बजे महाकुंभ के मीडिया सेंटर में एक प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान वे पत्रकारों को महाकुंभ-2025 की तैयारियों और इसे विश्वस्तरीय आयोजन बनाने के प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
महाकुंभ-2025 को अद्वितीय और स्मरणीय बनाने के लिए प्रदेश सरकार का यह कदम इसे वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।











