खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत जब्त हुई ₹4.14 लाख की नकली घी की खेप

बिजनौर: जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा नवरात्रि पर्व के मद्देनज़र चलाए गए विशेष अभियान में मिलावटी घी की बड़ी खेप जब्त की गई है। जिला अधिकारी श्रीमती उर्मिला राजपूत जी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना था।
अभियान के दौरान, किरतपुर में दीप घृत ब्रांड का 840 लीटर नकली घी बरामद किया गया, जिसकी बाजार मूल्य ₹3,19,200 आंकी गई है। इसके साथ ही दीप वाटलाइज़र ब्रांड की 234 लीटर घी भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹94,770 बताई गई। सभी जब्त उत्पाद बिना वैध लाइसेंस के बेचे जा रहे थे।
प्रशासन की जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित दुकानदारों के पास खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करते हुए घी बेचने का कोई अधिकृत दस्तावेज नहीं था। इस पर कार्यवाही करते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही घी को सील कर दिया। प्रशासन का कहना है कि नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।
टीम का नेतृत्व संजीव सिंह (मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी) कर रहे थे, जिनके साथ रेणु सिंह, राजीव कुमार, प्रमोद दयाल, अनुज यादव, डॉ. कोo वर्मा, अनिल कुमार, और नरेश कुमार जैसे अधिकारी शामिल थे।












