धामपुर में शुरू हुआ छह दिवसीय होली महोत्सव, रंगों की बारिश से सराबोर हुआ शहर
बिजनौर (धामपुर)। होली की मस्ती, रंगों की बौछार और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ धामपुर में बहुप्रतीक्षित छह दिवसीय होली महोत्सव की धमाकेदार शुरुआत हो गई। पहले दिन मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया से निकले विशाल रंग जुलूस ने पूरे शहर को होली के रंग में डुबो दिया।
हुलियारों की टोली ने बड़े-बड़े पिचकारियों और फव्वारों से रंगों की ऐसी बारिश की कि सड़कें, छतें और गलियां गुलाल की खुशबू से महक उठीं। मकानों की बालकनियों और छज्जों पर खड़े पुरुष, महिलाएं, बच्चे सभी रंगों में सराबोर होकर होली के इस जुलूस का हिस्सा बन गए। चारों ओर “होली है!” की गूंज और ढोल की थाप पर थिरकते लोग पूरे माहौल को जश्न में बदल रहे थे।
महोत्सव का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह और पूर्व पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता ने गुब्बारे उड़ाकर और नारियल फोड़कर किया। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और उत्साह से भरे जुलूस में शामिल होकर लोगों के साथ जमकर रंग खेला।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम सुरक्षा के लिहाज से हर गली और चौराहे पर मुस्तैद रही, ताकि लोग बिना किसी चिंता के होली का आनंद उठा सकें।
धामपुर का यह ऐतिहासिक होली महोत्सव दूर-दूर तक अपनी अनूठी परंपरा के लिए जाना जाता है। जुलूस के साथ-साथ यहां अगले पांच दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, होली के लोकगीत और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जो महोत्सव की रौनक को और बढ़ा देंगे।
धामपुर की गलियों में रंगों की खुशबू और गुलाल की धुंध के बीच हर चेहरा मुस्कुराता नजर आया, मानो पूरा शहर एक-दूसरे को यही कह रहा हो — “बुरा न मानो, होली है!”
– संवाददाता












