महाकुंभ भगदड़ पर कांग्रेस का ज्ञापन, मृतकों और घायलों की सूची जारी करने की मांग

बांदा। प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में मांग की है कि भगदड़ में घायल लोगों के परिजनों को उनसे मिलने की अनुमति दी जाए और मृतकों की सूची सार्वजनिक की जाए, ताकि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई घोषणाओं का लाभ प्रभावित परिवारों तक पहुंच सके।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रधुम्न कुमार दुबे ने महाकुंभ मेले में दो बार आग लगने की घटनाओं पर संदेह जताया है और इसकी विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगदड़ में कितने लोग घायल हुए और कितने लोगों की मृत्यु हुई, इसका स्पष्ट आंकड़ा प्रशासन को जारी करना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि महाकुंभ मेले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जांच की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि वे इस मामले में संज्ञान लें और सरकार को आवश्यक निर्देश दें।
(रिपोर्ट: राजेंद्र कुमार मिश्रा, बांदा)












