मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति, खिचड़ी पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति देश की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति देश के विभिन्न भागों में विशिष्ट पर्व के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष यह पर्व इसलिए भी खास है, क्योंकि महाकुंभ प्रयागराज-2025 का प्रथम अमृत स्नान मकर संक्रांति के अवसर पर सम्पन्न होने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण हो जाते हैं, जिसे सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है। सूर्य के उत्तरायण होने का अर्थ अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होना है। प्रकाश में वृद्धि से प्राणियों की चेतना और कार्यशक्ति बढ़ती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर सूर्यदेव की उपासना, पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान, पूजा-अर्चना और दान का विशेष महत्व है। यह पर्व उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में खिचड़ी पर्व के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इस पर्व को मिल-जुलकर और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।












