पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर कमाया पुण्य लाभ

अनूपशहर (बुलंदशहर)। पौष माह की पूर्णिमा पर अनूपशहर के गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ गंगा में डुबकी लगाई। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया और विभिन्न धार्मिक संस्कार संपन्न कराए।
पूर्णिमा से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं ने नगर की धर्मशालाओं और आश्रमों में डेरा डाल दिया था। सोमवार सुबह जैसे ही भोर हुई, श्रद्धालु जेपी घाट, परशुराम घाट, त्रिवेणी घाट, शिव स्वरूप घाट और पुल के दोनों ओर बने अस्थायी घाटों पर पहुंच गए। “हर-हर गंगे” और “गंगा मैया की जय” के जयघोष के साथ गंगा स्नान शुरू हुआ।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पूजा-अर्चना, सत्य नारायण भगवान की कथा का श्रवण और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने गरीबों को भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी। हालांकि, इस बार ठंड के चलते स्नान करने वालों की संख्या कम रही।
घाटों पर स्थित मस्तराम बाबा समाधि परिसर और शिव चौक से लेकर जहान्वी प्लेटफार्म तक लगी दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। लोगों ने प्रसाद, पूजा सामग्री, और सौंदर्य प्रसाधन की खरीदारी की।












