बिजनौर में “विदुर ब्रांड” उत्पादों के प्रचार के लिए व्यापारियों की बैठक आयोजित

BIJNOR. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे “विदुर ब्रांड” उत्पादों के प्रचार-प्रसार और प्रमोशन के लिए आज मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में उपायुक्त (स्वतःरोजगार) श्री विरेन्द्र यादव, उपायुक्त (जीएसटी) श्री शैलेन्द्र वार्ष्णेय, जिला मिशन प्रबंधक श्री विपिन कुमार और श्री शिवकरन सिंह, बीएमएम श्री विकास चौधरी सहित विभिन्न व्यापार मंडल के सदस्य
शामिल हुए। व्यापारियों में प्रमुख रूप से श्री विवेक गुप्ता, श्री अमोक कुमार अग्रवाल, श्री राकेश कुमार अग्रवाल, श्री सुभाष चन्द्र अग्रवाल, श्री अंकुर गोयल, श्री विनोद कुमार अग्रवाल, और अन्य सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों जैसे शहद, गर्म मसाले, धूपबत्ती, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, अचार-पापड़, सरसों का तेल, और टेडीबियर आदि को प्रदर्शित किया गया। व्यापारियों ने इन उत्पादों को सराहा और इन्हें गुणवत्ता में उत्कृष्ट बताया।
मुख्य विकास अधिकारी ने समूहों द्वारा तैयार अन्य उत्पादों जैसे जैकेट, हवाई चप्पल, सैनिटरी पैड, गुड़, और इलेक्ट्रिक स्कूटी की जानकारी भी साझा की। उन्होंने व्यापारियों से इन उत्पादों को बाजार में प्रमोट करने और प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग की अपील की।
व्यापारियों ने न केवल उत्पादों की सराहना की, बल्कि इन्हें अधिक से अधिक बढ़ावा देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने अपनी ओर से सुझाव देकर उत्पादों की बाजार में पहुंच बढ़ाने के लिए रणनीतियों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान यह सहमति बनी कि “विदुर ब्रांड” उत्पादों को बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इस पहल से महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में एक नई ऊर्जा मिलेगी।











