एफपीओ और सहकारी समितियों के लिए सुनहरा मौका: 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट पर 33% तक अनुदान
बिजनौर, 13 अगस्त 2025। जिले के एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) और सहकारी समितियों के लिए कृषि विभाग ने एक बड़ा अवसर खोला है। उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने जानकारी दी कि केंद्र प्रायोजित “नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयलसीड्स) वर्ष 2025-26” के तहत 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट की स्थापना पर प्रोजेक्ट लागत का 33% तक अनुदान (अधिकतम ₹9,90,000) दिया जाएगा।
इस योजना के लिए पात्रता मानदंड भी तय किए गए हैं —
- कम्पनी अधिनियम / सहकारिता अधिनियम के तहत पंजीकरण
- कम से कम 3 वर्षों का अनुभव
- न्यूनतम 200 कृषक सदस्य
- पिछले 3 वर्षों में औसत कारोबार ₹9 लाख से अधिक
- कृषकों की कुल इक्विटी ₹3 लाख से अधिक
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त 2025 तक कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in पर चलेगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और यदि आवेदन लक्ष्य से अधिक मिलते हैं, तो चयन जनपद स्तरीय कमेटी द्वारा ऑनलाइन लॉटरी के जरिए किया जाएगा।
डॉ. वर्मा ने एफपीओ और सहकारी समितियों से अपील की कि इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें, ताकि आधुनिक ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट के माध्यम से उत्पादन और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।











