Target Tv Live

बिजनौर में 750 लीटर डीजल लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार, 100 CCTV फुटेज से खुला राज

750 लीटर डीजल भरवाया और बिना पैसे दिए फरार हो गया, 100 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचा आरोपी

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी | TargetTvLive

बिजनौर। पेट्रोल पंप पर रात के समय टाटा सफारी से पहुंचकर 750 लीटर डीजल भरवाने और बिना भुगतान किए फरार होने वाले आरोपी को हल्दौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी। लगातार जांच और सुराग जुटाने के बाद आरोपी की पहचान कर उसे दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल टाटा सफारी, डीजल भरवाने में प्रयुक्त सात खाली नीले प्लास्टिक केन, 8,850 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी नगर, बिजनौर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को चंद्रमोहन ने थाना हल्दौर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि रात्रि में एक अज्ञात व्यक्ति टाटा सफारी वाहन से उनके पेट्रोल पंप पर आया और वाहन में रखी सात केनों में डीजल भरवाया। इसके बाद बिना पैसे दिए ही वह गाड़ी लेकर फरार हो गया।

सेल्समैन को पर्ची के बहाने भेजा और ले गया 750 लीटर डीजल

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल पंप से 750 लीटर डीजल भरवाया था, जिसकी कीमत करीब 71,400 रुपये आंकी गई है। डीजल भरवाने के बाद उसने सेल्समैन शहशाह आलम को हाथ से पर्ची बनवाने के बहाने कार्यालय भेज दिया। सेल्समैन के कार्यालय जाते ही आरोपी डीजल से लदी टाटा सफारी लेकर मौके से भाग निकला।

शिकायत के आधार पर थाना हल्दौर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना का खुलासा करने के लिए हल्दौर पुलिस टीम ने आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुराग जुटाए।

तंजील अली गिरफ्तार, न्यायालय से मिला रिमांड

सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के दौरान तंजील अली का नाम सामने आया, जो सहारनपुर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला शाहमदार का निवासी बताया गया है। पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया और माननीय न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से काले रंग की टाटा सफारी (UP14BK0363), सात खाली नीले प्लास्टिक कैन, 8,850 रुपये नकद और स्लेटी रंग का सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रजत चौधरी, आरक्षी देवेंद्र और आरक्षी विक्रांत प्रताप सिंह शामिल रहे। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी | TargetTvLive, बिजनौर

Leave a Comment

यह भी पढ़ें