आर्य प्रतिनिधि सभा बिजनौर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं मंत्री ने ली शपथ

हल्दौर, बिजनौर। आर्य समाज हल्दौर के परिसर में शुक्रवार, 4 अप्रैल को आर्य प्रतिनिधि सभा बिजनौर की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह एवं मंत्री देवेंद्र सिंह आर्य को शपथ ग्रहण कराई गई। इस अवसर पर उन्हें बिजनौर की समस्त आर्य समाज इकाइयों को एकजुट करने का संकल्प दिलाया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री देवेंद्र सिंह आर्य एवं आर्य समाज बिजनौर के प्रधान डॉ. सत्येंद्र शर्मा अंगिरस ने संयुक्त रूप से किया। बैठक की शुरुआत ईश प्रार्थना एवं वंदना के साथ हुई, जिसके पश्चात बैठक की औपचारिक कार्रवाई शुरू की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए खैराबाद के भानु प्रताप आर्य ने सुझाव दिया कि आर्य समाजियों को संगठित करने के लिए साप्ताहिक संपर्क अभियान चलाया जाए। इस प्रस्ताव को उपस्थित आर्यजनों ने समर्थन दिया और इस अभियान को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री जसवंत सिंह, जयपाल सिंह, सुरेश चंद शर्मा (शेरपुर), रविंद्र कुमार (बुडगरा), देवानंद (धामपुर), महेंद्र शर्मा (स्योहारा), गोपाल दत्त बिष्ट (धामपुर), जितेंद्र आर्य सूरज सिंह (मारुफपुर), नरेंद्र आर्य (नन्हेड़ा), अमन सिंह (कोतवाली), विश्वजीत आर्य बोहरा (बास्टा), तेजपाल सिंह (शेरपुर) सहित कई अन्य वक्ताओं ने जनपद में कुछ तथाकथित अनार्यों द्वारा फर्जी तरीके से गठित की गई कमेटियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि आर्य समाज से जुड़े लोगों को भ्रमित करने वाले ऐसे लोगों को संगठन से बाहर रखा जाना चाहिए।
जिला अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह ने कहा कि आर्य समाज के नियमों के विपरीत कार्य करने वालों को जागरूक कर एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें सभी आर्यजनों का सहयोग अपेक्षित रहेगा। बैठक के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह एवं मंत्री देवेंद्र सिंह आर्य को विधिवत शपथ ग्रहण कराई गई। दोनों पदाधिकारियों ने आर्य समाज के नियमों एवं सिद्धांतों का पालन करने तथा स्वामी दयानंद जी के मिशन को आगे बढ़ाने की शपथ ली।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने घोषणा की कि पूर्व जिला मंत्री विजय पाल सिंह की श्रद्धांजलि सभा आगामी 11 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी आर्यजनों को दोपहर 12 बजे उनके निवास स्थान सोती नांगल पहुंचने का आह्वान किया गया।
बैठक के समापन पर पूर्व जिला मंत्री डॉ. विजयपाल सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और उनकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय उपमंत्री विजेंद्र सिंह आर्य ने सभी आर्यजनों से जनपद इकाई को मजबूत करने के लिए सहयोग देने तथा स्वामी दयानंद जी के सिद्धांतों का अनुपालन करने का आह्वान किया












