शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बीईओ को सौंपा ज्ञापन

ईद-उल-फितर से पूर्व वेतन देने की मांग
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक डिलारी के प्रतिनिधि मंडल ने संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी भूपेश दिनकर को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से ऑफलाइन चयन वेतनमान की स्वीकृति, आयकर कटौती में राहत और मार्च 2025 के वेतन के ईद-उल-फितर से पूर्व भुगतान की मांग की गई। संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से चयन वेतनमान की प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन होनी थी, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद पोर्टल पर इसका लिंक सक्रिय नहीं हुआ है। इससे शिक्षकों को वेतनमान स्वीकृति में कठिनाई हो रही है। संघ ने मांग की कि जब तक ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक पूर्व की भांति ऑफलाइन प्रक्रिया को जारी रखा जाए।
इसके अलावा, संघ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 12,75,000 रुपये तक की आय वाले शिक्षकों को मासिक अग्रिम आयकर कटौती से मुक्त रखने की भी मांग की, जिससे शिक्षकों को आर्थिक राहत मिल सके।
प्रतिनिधि मंडल में संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के साथ आलोक कुमार, रईस अहमद, दीपक शर्मा, सुनील शर्मा, भूपेंद्र सिंह, संजय भारद्वाज, कुलदीप कुमार, विकास, सतेंद्र सिंह, अजयराज सिंह, धीरज सिंह, नितिन शर्मा, अनुज, रुपेंद्र सिंह और अजयपाल सिंह सहित संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।











