AAP ने छह राज्यों में किया संगठनात्मक बदलाव,सौरभ भारद्वाज बने दिल्ली अध्यक्ष

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में दिल्ली, पंजाब, छत्तीसगढ़, गुजरात, गोवा और जम्मू-कश्मीर में नए प्रभारी और अध्यक्षों की नियुक्ति की गई।
बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने जानकारी दी कि वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सत्येंद्र जैन को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ में डॉ. संदीप पाठक को विशेष प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गुजरात में गोपाल राय प्रभारी होंगे और दुर्गेश पाठक सह प्रभारी रहेंगे। इसी तरह, गोवा में पंकज गुप्ता प्रभारी बनाए गए हैं, जिनके साथ अंकुश नारंग, आभाष चंदेला और दीपक सिंगला सह प्रभारी के तौर पर काम करेंगे।
इसके अलावा, दिल्ली में सौरभ भारद्वाज को प्रदेश अध्यक्ष, और जम्मू-कश्मीर में मेहराज मलिक को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अरविंद केजरीवाल ने सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
दिल्ली में संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हमारी पहली प्राथमिकता दिल्ली में आम आदमी पार्टी को और मजबूत करना और संगठन का विस्तार करना है।” उन्होंने संगठन निर्माण की प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा कि “हार के बाद जो पार्टी के साथ खड़ा रहता है, वही असली कार्यकर्ता होता है।”
सौरभ भारद्वाज ने एमसीडी मेयर चुनाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि फिलहाल पार्टी को चुनावी राजनीति से अलग हटकर संगठन को सुदृढ़ करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विधायकों के फोन न उठाने की समस्या पर भी चिंता जताई और कहा कि “चुनी हुई सरकार को पूरा सम्मान मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी दल की हो।”
पंजाब में ‘आप’ सरकार ने किया शानदार काम: मनीष सिसोदिया
पंजाब के नए प्रभारी बनाए गए मनीष सिसोदिया ने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले तीन सालों में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि सरकार जनता के लिए और अधिक अच्छे काम करे, ताकि हर नागरिक को इस सरकार पर गर्व महसूस हो।”
उन्होंने लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि पंजाब की जनता का पार्टी पर विश्वास और प्यार अटूट है।
छत्तीसगढ़, गुजरात और गोवा में भी संगठन विस्तार पर जोर
पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूती देने के लिए डॉ. संदीप पाठक को विशेष प्रभारी बनाया है। गुजरात और गोवा में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति के साथ पार्टी संगठन को विस्तार देने पर जोर दे रही है।
आम आदमी पार्टी के इस फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि वह आने वाले चुनावों से पहले अपने संगठन को नए सिरे से तैयार करने में जुट गई है।












