DM ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को पाया संतोषजनक

बिजनौर : DM जसजीत कौर ने मंगलवार शाम जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र), वन स्टॉप सेंटर, बच्चों की नर्सरी और अस्पताल की कैंटीन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रभा रानी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि अस्पताल में सेफ्टी टैंक खराब होने के कारण पानी निकासी में समस्या हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका बिजनौर को निर्देश दिए कि सेफ्टी टैंक की तत्काल सफाई और मरम्मत कराई जाए ताकि पानी निकासी में कोई बाधा न आए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल की कैंटीन में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और एनआरसी में भर्ती बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर अभिभावकों ने बताया कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं मानकों के अनुरूप मिल रही हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज सेन सहित अन्य चिकित्सक व अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।











