Target Tv Live

प्रयागराज, काशी और अयोध्या ने दिखाया भारत का सामर्थ्य : मुख्यमंत्री योगी

प्रयागराज, काशी और अयोध्या ने दिखाया भारत का सामर्थ्य: मुख्यमंत्री योगी

महाकुंभ का विरोध करने वालों से बेहतर है हमारी अर्थव्यवस्था: सीएम योगी

युवा उद्यमियों से संवाद में मुख्यमंत्री ने आस्था और अर्थव्यवस्था के जुड़ाव पर डाला प्रकाश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आस्था और परंपराओं को सम्मान देकर किस तरह एकता और अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है, इसका उदाहरण प्रयागराज महाकुंभ, काशी और अयोध्या में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व आमद ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान दी है और साथ ही अर्थव्यवस्था को भी बड़ा प्रोत्साहन मिला है।

मुख्यमंत्री योगी, सोमवार को ‘युवा भारत’ संस्था के तत्वावधान में महाराष्ट्र से आए युवा उद्यमियों के साथ संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ पर सवाल उठाने वालों को करारा जवाब देते हुए कहा कि हमारी अर्थशास्त्र की समझ उन लोगों से कहीं बेहतर है, जो ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने बताया कि यदि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर 7500 करोड़ रुपये खर्च करके अर्थव्यवस्था में तीन से साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की वृद्धि कर सकती हैं, तो यह एक सकारात्मक निवेश है।

53 करोड़ से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं स्नान

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 53 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं, और अगले 9 दिनों तक यह आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत की आस्था को यदि पहले सम्मान दिया गया होता, तो देश और भी ऊंचाइयों को छूता।

योगी ने बताया कि 2016-17 में, जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं थी, तब अयोध्या में केवल 2.35 लाख श्रद्धालु आते थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 14-15 करोड़ हो गई है। इसी तरह, काशी विश्वनाथ धाम बनने से पहले काशी में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित थी, लेकिन अब वहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।

तीन दिनों में 15 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 से 30 जनवरी के बीच मात्र तीन दिनों में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 28 जनवरी को 5.5 करोड़, 29 जनवरी को 8 करोड़ और 30 जनवरी को 2.5 करोड़ श्रद्धालु आए। प्रयागराज में प्रतिदिन 40 नियमित फ्लाइट्स और 700 से अधिक चार्टर विमान उतर रहे हैं, जबकि रेलवे को भी सैकड़ों मेले स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ रही हैं।

आस्था का आर्थिक पहलू भी महत्वपूर्ण

सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ के आयोजन से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि इससे स्थानीय व्यापारियों और उद्योगों को भी लाभ हुआ है। उन्होंने बताया कि एक निवेशक प्रयागराज में द्वादश ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति बनाने के लिए 14 करोड़ रुपये का निवेश किया, जिससे महज 21 दिनों में मूलधन की वसूली के साथ-साथ अच्छा मुनाफा भी हुआ। इससे नगर निगम को भी आर्थिक लाभ मिला और हजारों लोगों को रोजगार मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि स्नानार्थियों की संख्या 60 करोड़ तक पहुंचती है, तो उत्तर प्रदेश की जीडीपी में 3.25 से 3.5 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि होगी

ओडीओपी योजना से यूपी को नया ब्रांड मिला

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से 2018 में एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना लागू की गई, जिससे यूपी के पारंपरिक एमएसएमई सेक्टर को एक नई पहचान मिली। उन्होंने बताया कि पहले त्योहारों पर भारतीय बाजार चीनी उत्पादों से भरे होते थे, लेकिन अब लोग उपहार में ओडीओपी के उत्पाद दे रहे हैं।

सीएम ने बताया कि मुरादाबाद के ब्रास उद्योग, वाराणसी-भदोही-मीरजापुर के कार्पेट उद्योग और फिरोजाबाद के ग्लास उद्योग को पुनर्जीवित किया गया। उन्होंने कहा कि पहले ये उद्योग संकट में थे, लेकिन सरकार की नीतियों से अब यहां से हजारों करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है।

महाकुंभ का आयोजन: आर्थिक और संरचनात्मक विकास का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2013 में प्रयागराज कुंभ केवल 1000 हेक्टेयर क्षेत्र में आयोजित हुआ था, जबकि इस बार इसका विस्तार 10,000 हेक्टेयर तक किया गया। इस आयोजन के लिए 7500 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे प्रयागराज में 14 नए फ्लाईओवर, 6 अंडरपास, 200 से अधिक चौड़ी सड़कें, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में रेलवे ने 9 स्टेशनों का विस्तारीकरण किया और अब प्रतिदिन 5-7 लाख यात्री ट्रेन से आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश निवेश का हब बना

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी ने पिछले 8 वर्षों में कई सुधार किए हैं और अब यह निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है। प्रदेश में सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म, लैंड बैंक और आधुनिक कानून व्यवस्था के चलते हर कोई यूपी में निवेश करना चाहता है। उन्होंने बताया कि 57,000 ग्राम पंचायतों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

अयोध्या, काशी और प्रयागराज ने दिखाया भारत का सामर्थ्य

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य निर्माण और प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन ने दुनिया के सामने भारत की संस्कृति और आर्थिक क्षमता को दर्शाया है। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे अयोध्या, काशी और प्रयागराज आकर इस बदलाव का अनुभव करें

संवाद के दौरान युवा उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें