मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 594 जोड़ों ने लिए सात फेरे

बांदा। जनपद के पंडित जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के मैदान में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार के पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संस्कार पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराए। कार्यक्रम में 594 जोड़ों ने सात फेरे लिए, जिसमें सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी धार्मिक रस्मों के साथ कराया गया।
मुख्य अतिथि जल शक्ति राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश, रामकेश निषाद ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि साल 2017 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हजारों जरूरतमंद बेटियों के विवाह संपन्न कराए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना और समाज से दहेज प्रथा जैसी कुरीति को समाप्त करना है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अब 51,000 रुपये की सहायता
राज्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की आर्थिक सहायता को 31,000 रुपये से बढ़ाकर 51,000 रुपये कर दिया है। इसके तहत न केवल विवाह का आयोजन किया जाता है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी बसाने में भी सहायता दी जाती है। इसके अलावा, मिशन शक्ति, कन्या सुमंगला, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं जननी सुरक्षा योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सरकार बेटियों को सशक्त बना रही है।
जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, नरैनी विधायक ओम मणि वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू गुप्ता, जिलाधिकारी जे. रीभा, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और इस योजना की सराहना की।
जिलाधिकारी जे. रीभा ने इस अवसर पर कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल विवाह संस्कार संपन्न होता है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों को एक नई शुरुआत के लिए आर्थिक संबल भी मिलता है।
मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के मनोज जैन, राजनारायण द्विवेदी, राकेश कुमार उर्फ दद्दू, नगर पंचायत अध्यक्ष बबेरू विवेकानंद गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक कुमार अवस्थी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अर्चना भारती ने किया।
— रिपोर्टर: राजेंद्र कुमार मिश्रा, बांदा












