गंगा एक्सप्रेस वे को बिजनौर से निकालने को मांग पत्र सौंपा

–शिक्षक विधायक ने सीएम से वार्ता का भरोसा दिया –माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ ने लंबित मांगों का मांग पत्र दिया
नजीबाबाद। विधान परिषद में शिक्षक विधायक डा हरि सिंह ढिल्लों के नांगल सोती पहुंचने पर प्रयागराज से मेरठ तक बने गंगा एक्सप्रेस वे को अमरोहा से बिजनौर होकर हरिद्वार तक विस्तार देने की मांग की गयी। पत्रकार व सामाजिक चिंतक मुकेश सिन्हा ने जनपद के विकास के लिए गंगा एक्सप्रेस वे को अमरोहा के तिगरी गंगा घाट से बिजनौर होकर हरिद्वार तक गंगा के किनारे किनारे निकालने की मुख्य योगी आदित्यनाथ जी की नजीबाबाद में की गई घोषणा को पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने बताया आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा के प्रार्थना पत्र पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी बिजनौर से भी गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण पर रिपोर्ट मांगी गई है । शिक्षक विधायक डा हरि सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर गंगा एक्सप्रेस वे पर सकारात्मक सहयोग करने का भरोसा दिया। उधर माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की ओर से भी शिक्षक विधायक को मांग पत्र देकर शासन में लंबित मांगों का शासनादेश जारी कराने की मांग की। संघ केक जिला अध्यक्ष मुकेश सिन्हा,जिला उपाध्यक्ष भीमसेन हल्दिया व जिला मंत्री अश्विनी कुमार व नवनीत कुमार ने शिक्षक विधायक कै मांग पत्र देकर पुरानी पेंशन बहाली,शिक्षक पद पर पदोन्नति, अवकाश नकदीकरण, चिकित्सा सुविधा, प्रबंध समिति में भागेदारी सहित लंबित मांगों को पूरा कराने की मांग की है। शिक्षक विधायक ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को परिवार का सदस्य बताते हुए समस्या समाधान का भरोसा दिया।











