सीसीटीवी में कैद जानलेवा हमला, फिर भी पुलिस की निष्क्रियता, न्याय के लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित

स्योहारा (बिजनौर)। 29 जनवरी: जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से पीड़ित को न्याय न हीं मिल पा रहा है। घटना 27 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे की है, जब मौ. मुनिर पर उनके ही घर में घुसकर हमलावरों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में मुनिर गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
थाने में 10 घंटे तक बैठाए रखा, फिर भी कार्रवाई नहीं
पीड़ित मुनिर अहमद का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर स्योहारा थाने पहुंचे, तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें करीब 10 घंटे तक थाने में बैठाए रखा और फिर रात में मेडिकल जांच कराकर घर भेज दिया। इतने गंभीर मामले में पुलिस की लापरवाही से मुनिर और उनके परिवार को न्याय की उम्मीद धुंधली होती दिख रही है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
निराश होकर पीड़ित मुनिर ने बिजनौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी देते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है, तो पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है। यदि पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती है, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है या फिर पीड़ित को इसी तरह न्याय के लिए भटकना पड़ेगा।












