सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

श्रावस्ती। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर हर व्यक्ति को लाभान्वित किया जाए। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे और टीम भावना से कार्य कर जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करें।
बैठक में सांसद ने खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति और प्रस्तावों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी जाए। साथ ही, बैंकों से संबंधित योजनाओं के ऋण आवेदन लंबित न रहने दिए जाएं।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, वृद्धावस्था पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 5003 आवास निर्माण पूर्ण हो चुके हैं, जबकि ग्रामीण योजना में अब तक 859 लाभार्थियों को प्रथम किश्त, 623 को द्वितीय और 88 को तृतीय किश्त दी गई है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी 2024 में 67,588 किसानों की फसल का बीमा किया गया। वहीं, मनरेगा के तहत 50,622 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 397 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है।
जल जीवन मिशन और स्वास्थ्य योजनाओं में प्रगति
जल जीवन मिशन के तहत 159 ग्राम पंचायतों में 124 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिससे 5,67,205 लोग लाभान्वित होंगे। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 3,29,886 गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और 13,325 लाभार्थियों का उपचार हुआ है।
सांसद आदर्श ग्राम योजना और अन्य निर्देश
सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित ग्राम जमुनहा भवनियापुर को 27 विभागों की योजनाओं से संतृप्त किया गया। सांसद ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों द्वारा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने जताया आभार
बैठक में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दि.ए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ काम करें और समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करें।
बैठक में सदस्य विधान परिषद डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक इन्द्राणी वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।












