Target Tv Live

राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में DM ने दिए सख्त निर्देश

राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में DM ने दिए सख्त निर्देश

BIJNOR. डीएम जसजीत कौर ने आज महात्मा विदुर सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों को ग्राम समाज और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे को हटाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पूर्व सूचना देने और पुलिस बल के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति से बचा जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों को निर्देशित किया कि पांच साल से अधिक पुराने धारा 14 के मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विवादित विरासत के सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने पर भी जोर दिया। सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि न्यायालय में लंबित वादों को समयबद्ध तरीके से निपटाएं और अनावश्यक देरी न होने दें।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के पोर्टल का संचालन और अद्यतन स्वयं उप जिलाधिकारी करें। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त किया और तहसीलों के प्रमुख एवं संवेदनशील मामलों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए और उप जिलाधिकारी चांदपुर को चांदपुर-बास्टा मार्ग की मरम्मत के लिए संबंधित कार्यदाई संस्था को निर्देशित करने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरम्मत कार्य पूर्ण मानकों के अनुसार हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अवनीश कुमार, नगीना मांगेराम चौहान, डिप्टी कलेक्टर हर्ष चावला, जिला सूचना अधिकारी आशुतोष जैसवाल समेत सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।

– संवाददाता, बिजनौर।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें