सड़क सुरक्षा माह:
वाहन चालकों को किया गया जागरूक, नियमों के उल्लंघन पर हुई कड़ी कार्रवाई

BALRAMPUR . DM के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए 01 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा ट्रक चालकों को सड़क यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। इसके अलावा ललिया एवं बनकटवा-बरदौलिया में आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने पर 41 वाहनों का चालान किया गया। तीन सवारी वाहनों सहित कुल 5 वाहनों को निरुद्ध किया गया, जबकि 7 सवारी वाहनों का चालान किया गया। प्रवर्तन कार्रवाई में कुल 1,40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जागरूकता अभियान में अतिरिक्त प्रभारी यातायात उमेश सिंह, किशन कुमार, पशुपति नाथ सहित कई विभागीय कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के महत्व और उनके पालन से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।












