Target Tv Live

24 घंटे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का सनसनीखेज खुलासा, एक शातिर गिरफ्तार; एएसपी ने खोले राज़!

बिजनौर में खाकी का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का सनसनीखेज खुलासा, एक शातिर गिरफ्तार; एएसपी ने खोले राज़!

TargetTvLive विशेष रिपोर्ट अवनीश त्यागी

बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद की थाना किरतपुर पुलिस ने मुस्तैदी का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को धर दबोचा है और उसके पास से चोरी किया गया जॉन डीयर ट्रैक्टर व ट्रॉली सकुशल बरामद कर ली है। इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृष्ण गोपाल सिंह ने पुलिस लाइन के सभागार में एक प्रेस वार्ता के दौरान किया।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को ग्राम नया गांव (मोहम्मद अलीपुर सुखानन्द) निवासी जयप्रकाश पुत्र सागर सिंह ने थाने में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घेर से ट्रैक्टर की ट्रॉली चोरी कर ली है। किसान की इस शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए थाना किरतपुर में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल, 24 घंटे में दबोचा शातिर

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ सुरागकशी और सर्विलांस की मदद ली। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश उर्फ रितिक पुत्र अशोक कुमार (निवासी ग्राम मोहम्मद अलीपुर सुखानन्द, किरतपुर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोतीचूर के पास स्थित भट्ठे के नजदीक, कबाड़ी के गोदाम के पास खाली पड़ी जमीन पर छिपाकर रखे गए जॉन डीयर ट्रैक्टर और चोरी की ट्रॉली को बरामद कर लिया।

पूछताछ में साथियों के खुले राज़

पकड़े गए आरोपी योगेश ने पुलिस की पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने दो साथियों—हनी पुत्र राजू (निवासी ग्राम झलरी, थाना कोतवाली शहर) और मनीष पुत्र खिलेन्द्र (निवासी ग्राम रामपुर नौआबाद, थाना हल्दौर)—के साथ मिलकर 4-5 नवंबर की रात जयप्रकाश के घेर से ट्रॉली चुराई थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए साथी हनी अपना जॉन डीयर ट्रैक्टर लेकर आया था। आरोपी पिछले चार-पांच दिनों से इस चोरी के वाहन को बेचने की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

एएसपी कृष्ण गोपाल सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस गैंग के बाकी दो फरार सदस्य—हनी और मनीष—की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:

  • थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर, थाना किरतपुर, बिजनौर
  • उ0नि0 श्री आशीष पूनिया
  • उ0नि0 श्री रवेन्द्र कुमार
  • कां0 2693 निखिल शर्मा
  • का0 3161 दिव्यम तोमर
  • हे0कां0 319 अमित पवार
  • हे0कां0 325 रामकुमार

Leave a Comment

यह भी पढ़ें