सेवा-शिक्षा-संस्कार का महासंगम: तेवतिया बोले- यही है सशक्त समाज का असली मंत्र
सेवा, शिक्षा और संस्कारों का संगम: सेंट पीटर्स स्कूल में मेधावियों का सम्मान, जिला कृषि अधिकारी बोले- यही सशक्त समाज की नींव
किरतपुर/बिजनौर। शिक्षा को सेवा और संस्कारों से जोड़ने की अनूठी पहल सेंट पीटर्स स्कूल, किरतपुर द्वारा संचालित करुणा समाज सेवा संस्थान, कोटद्वार में देखने को मिली। यहां “सेवा, शिक्षा और संस्कारों के संगम” कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया, जिसमें जनपद बिजनौर के जिला कृषि अधिकारी श्री जसवीर सिंह तेवतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शॉल ओढ़ाकर हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत आत्मीय माहौल में हुई। संस्थान के निदेशक फादर बीजू ने शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उपस्थितजनों ने तालियों से अतिथि का अभिवादन किया।
मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र, मिला आशीर्वाद
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब आया जब मुख्य अतिथि श्री जसवीर सिंह तेवतिया ने संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।
“शिक्षा, सेवा और संस्कार ही सशक्त समाज की नींव”
अपने उद्बोधन में जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि शिक्षा, सेवा और संस्कार ही सशक्त समाज की नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को भी अपने जीवन में आत्मसात करें।
फादर बीजू ने जताया आभार
संस्थान के निदेशक फादर बीजू ने मुख्य अतिथि का कार्यक्रम में पधारने पर हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्व की भावना को प्रबल करते हैं। कार्यक्रम का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया गया।
Byline: अवनीश त्यागी | TargetTvLive, बिजनौर












