9.5 बीघा जमीन के लिए सगे भतीजे ने रची खूनी साजिश, 3.5 लाख में सुपारी देकर ताऊ को गोलियों से भून डाला; 5 गिरफ्तार!
TargetTvLive स्पेशल रिपोर्ट : अवनीश त्यागी
बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। रिश्तों का खून और ज़मीन का लालच… बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में घटी इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि संपत्ति के लालच में इंसानियत किस कदर तार-तार हो सकती है। चांदपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने महज 5 दिनों के भीतर विजयपाल सिंह हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए सगे भतीजे समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खेत से लौटते समय मारी गई थी गोली
घटना 21 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम केलनपुर निवासी विजयपाल सिंह अपने ट्रैक्टर से खेत जोतकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 22 अक्टूबर को मृतक के बेटे मोहित सिंह तोमर की तहरीर पर चांदपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर (मु0अ0सं0 653/26 धारा 103(1) BNS) दर्ज की गई थी।
₹3.5 लाख में तय हुई थी ताऊ की सुपारी
स्वाट, सर्विलांस और चांदपुर पुलिस की तफ्तीश में जो सच निकलकर सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रिन्स तोमर (भतीजा) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसका अपने ताऊ विजयपाल से साढ़े नौ (9.5) बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने ताऊ को रास्ते से हटाने के लिए ₹3.50 लाख में हत्या की सुपारी दी थी। एडवांष के तौर पर उसने अपने साथी फैजान को ₹20,000 दिए थे।
वारदात को ऐसे दिया अंजाम
21 अक्टूबर की शाम जैसे ही विजयपाल ट्रैक्टर से लौटे, प्रिन्स अपने साथी फैजान और राबिश के साथ मौके पर पहुंचा और 315 बोर के तमंचों से गोलियां मारकर ताऊ को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी शानू उर्फ मैशानू के साथ मिलकर मोटरसाइकिलों से फरार हो गए और हथियार रामपुर नजराना के पास नहर की झाड़ियों में छिपा दिए।
हथियार सप्लायर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि हत्या में इस्तेमाल तमंचे अमरोहा के मंडी धनौरा (ग्राम नवाबपुरा) निवासी विनीत कुमार से खरीदे गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनीत को भी 2 अवैध तमंचों और 1 जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा (मु0अ0सं0 665/25 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट)।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- प्रिन्स तोमर पुत्र वेदपाल सिंह (निवासी: केलनपुर, चांदपुर, बिजनौर – मुख्य साजिशकर्ता/भतीजा)
- शानू उर्फ मैशानू पुत्र आशिक अली (निवासी: रामपुर नजराना, चांदपुर)
- मौ० फैजान पुत्र मौ० कलवा (निवासी: रसुलपुर नगला, चांदपुर)
- राबिश पुत्र मौ० इस्लाम (निवासी: तालिबपुर, चांदपुर)
- विनीत कुमार पुत्र नवाब (निवासी: नवाबपुरा, मंडी धनौरा, अमरोहा – असलहा सप्लायर)
बरामदगी:
- 04 अवैध तमंचे (315 बोर)
- 02 खोखा कारतूस व 01 जिंदा कारतूस (315 बोर)
- 02 हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिलें (UP20CR0913 और UP20CU8902)
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस अंधे कत्ल का सफल अनावरण करने में क्राइम ब्रांच निरीक्षक सचिन मलिक, थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार, वरिष्ठ उप-निरीक्षक पुष्पेंद्र राठी, सर्विलांस प्रभारी उप-निरीक्षक हिमांशु गोस्वामी, उप-निरीक्षक रजत राणा तथा सर्विलांस व थाना चांदपुर की संयुक्त टीम की मुख्य भूमिका रही।
TargetTvLive के लिए अवनीश त्यागी की रिपोर्ट।












