Target Tv Live

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के रूप में दो वर्ष पूरे होने पर वीरेंद्र सचदेवा ने जताया आभार

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के रूप में दो वर्ष पूरे होने पर वीरेंद्र सचदेवा ने जताया आभार

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने अध्यक्ष पद के दो वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रीय नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन दो वर्षों में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संघर्ष किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “आज से ठीक दो साल पहले शहीदी दिवस के दिन मुझे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन दो वर्षों में हमने दिल्ली में भाजपा संगठन को मजबूती दी, लोकसभा चुनाव में सातों सीटों पर जीत हासिल की और अंततः दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने तक का सफर तय किया।”

भ्रष्टाचार के खिलाफ सफल अभियान

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार को सत्ता से बाहर करने में सफलता पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार और लूट के सिवा कुछ नहीं किया।

नई सरकार से जनता को उम्मीदें

सचदेवा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार की सराहना की और कहा कि नई सरकार दिल्ली के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की विकास योजनाओं में भागीदार बनें और दिल्ली को एक नई दिशा दें।

भाजपा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि पार्टी जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और आने वाले समय में दिल्ली में विकास कार्यों की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि दिल्ली के लोग खुद महसूस करें कि शहर में सुखद बदलाव हो रहा है।”

दिल्ली भाजपा के इस नए दौर में पार्टी की रणनीति और आगामी योजनाओं पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें