महाकुंभ में समाज कल्याण विभाग की पहल, 15 निराश्रित वृद्धजनों ने किया संगम स्नान

बिजनौर : समाज के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में, समाज कल्याण विभाग के विशेष प्रयासों से बिजनौर वृद्धाश्रम के 15 निराश्रित वरिष्ठजनों को महाकुंभ में पवित्र संगम स्नान का अवसर प्रदान किया गया। समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई, जिसमें वृद्धजनों के लिए नि:शुल्क भोजन, आवास और आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
महाकुंभ क्षेत्र में पहली बार समाज कल्याण विभाग द्वारा एक विशेष कैंप स्थापित किया गया है, जिसमें 100 बेड की क्षमता वाला आश्रम भी बनाया गया है। इस आश्रम में रहने वाले वृद्धजनों के लिए सुबह योग और ध्यान सत्र का आयोजन किया जाता है, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बना रहे। इसके अलावा, शाम को भजन-कीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें वृद्धजन बड़े उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंप में चिकित्सकों की भी तैनाती की गई है, जो नियमित रूप से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। समाज कल्याण विभाग के इस प्रयास से महाकुंभ में सामाजिक समरसता और सेवा भाव की अद्भुत झलक देखने को मिली।
समाज कल्याण विभाग की इस पहल से वृद्धजनों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। महाकुंभ के दिव्य वातावरण में उनका यह अनुभव निश्चित रूप से उनके जीवन की अनमोल स्मृतियों में शामिल होगा।












