पुरानी पेंशन बहाली एवं पेंशन वृद्धि की मांग

सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक आयोजित, पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा
बिजनौर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन जनपद शाखा बिजनौर की मासिक बैठक का आयोजन आज प्रातः 10:00 बजे पुराना महिला चिकित्सालय, सिविल लाइन स्थित पेंशनर्स कार्यालय में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री शिव ध्यान सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री द्वारा किया गया।
बैठक की शुरुआत में गत माह की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया। इस अवसर पर अति वरिष्ठ सदस्य श्री कामेश्वर नाथ त्यागी को सम्मानित किया गया, जिसमें अध्यक्ष द्वारा उन्हें शाल भेंट की गई। बैठक में वक्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
पुरानी पेंशन बहाली एवं पेंशन वृद्धि की मांग
बैठक में सलामत हुसैन ने पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर क्रमशः 5%, 10% और 15% पेंशन वृद्धि की मांग शासन से की।
न्यायालय में लंबित याचिका पर चर्चा
बी.आर. पाल ने जानकारी दी कि राशि कटौती से संबंधित उच्च न्यायालय के आदेश के विरुद्ध शासन द्वारा पुनः याचिका दायर की गई है, जिसकी सुनवाई 11 फरवरी 2025 को होगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय का जो भी निर्णय होगा, उसे संगठन स्वीकार करेगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराए में छूट की मांग
बैठक में श्री एस.के. मिश्रा ने वरिष्ठ नागरिकों को पूर्व की भांति रेल किराए में 40% की छूट बहाल करने की मांग की।
छठे वेतन आयोग के एरियर भुगतान पर चर्चा
श्री अजय पाल सिंह और श्री रेस पाल ने अवगत कराया कि छठे वेतन आयोग के तहत बढ़े वेतन का एरियर अभी तक विभाग द्वारा नहीं दिया गया है। उन्होंने संगठन से अनुरोध किया कि वह इस राशि के भुगतान को सुनिश्चित कराने में सहयोग करे।
जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पुनः कैंप कार्यालय शुरू होगा
बैठक में अध्यक्ष महोदय ने घोषणा की कि 1 मार्च 2025 से कैंप कार्यालय पुनः जिलाधिकारी कार्यालय परिसर, बिजनौर में खुलेगा, जहां संबंधित अधिकारी नियत दिवस पर बैठकर समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर पर संगठन पुरानी पेंशन बहाली, पेंशन वृद्धि और राशि कटौती संबंधी शासनादेश जारी कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
शोक सभा एवं बैठक का समापन
बैठक के अंत में श्री राजेंद्र सिंह और श्री भीष्म दत्त शर्मा के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।












