Target Tv Live

बांदा:जिलाधिकारी का निरीक्षण, विकास भवन में मचा हड़कंप

जिलाधिकारी का निरीक्षण, विकास भवन में मचा हड़कंप

बांदा: जिले की नवनियुक्त जिलाधिकारी जे. रीभा ने कड़े तेवर दिखाते हुए बुधवार को विकास भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई विभागों के कार्यालयों का जायजा लिया, जहां अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी गायब पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने गैरहाजिर अधिकारियों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।

गंदगी देख भड़कीं डीएम, सफाई के दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को विकास भवन परिसर में गंदगी भी मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि अगली बार गंदगी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप

बिना किसी पूर्व सूचना के जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से विकास भवन में अफरा-तफरी मच गई। कुछ अधिकारी तो निरीक्षण की खबर मिलते ही कार्यालय पहुंचने की कोशिश करने लगे, लेकिन तब तक जिलाधिकारी ने अपना दौरा पूरा कर लिया था।

जनता की समस्याओं के समाधान पर जोर

गौरतलब है कि चार्ज संभालने के बाद से ही डीएम जे. रीभा अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत दे चुकी हैं। उन्होंने निर्देश दिए थे कि सभी अधिकारी सुबह 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें और फरियादियों की समस्याओं का सम्मानजनक और न्यायसंगत समाधान करें। बावजूद इसके, विकास भवन में अधिकारियों की गैरमौजूदगी ने उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिकारियों को चेतावनी

डीएम ने साफ कहा कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आगे भी इसी तरह औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें