76वें गणतंत्र दिवस पर उच्च न्यायालय, लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया

लखनऊ : 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उच्च न्यायालय, लखनऊ में बड़े गर्व और उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री अताउ रहमान मसूदी, माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय, लखनऊ ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें पी.ए.सी. बैंड ने मनोहारी प्रस्तुति दी।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति के साथ अन्य न्यायमूर्तिगण और उनके जीवनसाथी, उच्च न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता, मुख्य स्थायी अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता और अवध बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभी ने उनके विचारों और योगदान को याद किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देशभक्ति और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा को पुनः व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।
यह जानकारी इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लखनऊ के संयुक्त रजिस्ट्रार श्री अशोक कुमार यादव ने साझा की।












