Target Tv Live

अब गली-मोहल्ले तक पहुंचेगी जनगणना की जानकारी, DM ने दिए निर्देश

अब गली-मोहल्ले तक पहुंचेगी जनगणना की जानकारी, DM ने दिए निर्देश

बिजनौर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज। 16 नवंबर से स्व-गणना और 1 दिसंबर से घर-घर गिनती होगी। प्रशासन चलाएगा गांव-गांव प्रचार अभियान।

बिजनौर। जनगणना-2027 को लेकर बिजनौर प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि जनगणना का संदेश जिले के हर गांव, कस्बे, वार्ड और मोहल्ले के हर परिवार तक पहुंचना चाहिए। TargetTvLive से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार प्रचार सिर्फ शहरों और बड़े अखबारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीधे लोगों के बीच जाकर समझाया जाएगा।

कब क्या होगा, समझिए आसान भाषा में

प्रशासन ने तारीखों का ऐलान कर दिया है।

16 से 30 नवंबर 2026: आप खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे, इसे स्व-गणना कहते हैं।
1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: गणना करने वाले कर्मचारी घर-घर आकर जानकारी लेंगे।
5 से 9 जनवरी 2027: छूटी हुई जानकारी को दोबारा ठीक किया जाएगा।

गांव की बोली में समझाया जाएगा

अधिकारियों को कहा गया है कि प्रचार आम बोलचाल की भाषा में हो, ताकि हर कोई आसानी से समझ सके। इसके लिए गांव के प्रधान, शहर के पार्षद, शिक्षक, डॉक्टर, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद ली जाएगी। स्वयं सहायता समूह, किसान संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता भी इसमें साथ देंगे।

ऑटो से लेकर WhatsApp तक होगा प्रचार

जानकारी फैलाने के लिए हर माध्यम का इस्तेमाल होगा। व्हाट्सऐप ग्रुप, फेसबुक, सरकारी वेबसाइट और गांवों में लगे सूचना बोर्ड से प्रचार होगा। ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और टैक्सी पर स्टिकर लगाए जाएंगे। गांव की बैठकों और मोहल्ला समितियों में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

कोई राजनीति नहीं, सिर्फ सही जानकारी

डीएम ने साफ कहा है कि प्रचार में किसी भी नेता या राजनीतिक दल का नाम और फोटो नहीं होगा। सिर्फ सरकार द्वारा तय किया गया जनगणना का लोगो, नारा और शुभंकर ही इस्तेमाल होगा। ताकि कोई भ्रम न फैले।

लोगों की सुविधा के लिए सरकारी पोर्टल se-census-gov-in का भी प्रचार किया जाएगा, जहां से स्व-गणना की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

– अवनीश त्यागी, TargetTvLive, बिजनौर

Leave a Comment

यह भी पढ़ें