मिट्टी बचेगी, तभी खेती बचेगी: बिजनौर में शुरू हुआ “खेत बचाओ अभियान”

बिजनौर | अवनीश त्यागी, TargetTvLive
बिजनौर के किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिले की मिट्टी को बंजर होने से बचाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को कोतवाली ब्लॉक के रामपुर दास गांव से खेत बचाओ अभियान की शुरुआत हुई।
गांव में जुटे अफसर और वैज्ञानिक
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा खुद किसानों के बीच पहुंचे। उनके साथ कृषि विज्ञान केंद्र नगीना के चार बड़े वैज्ञानिक डॉ. के.के. सिंह, डॉ. पिंटू कुमार, डॉ. प्रतिमा गुप्ता और डॉ. शिवांगी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
किसानों को मिले काम के टिप्स
अधिकारियों ने किसानों को सीधी और सरल भाषा में समझाया:
मिट्टी की जांच कराएं, अंदाजे से खाद न डालें
गोबर की खाद और हरी खाद का ज्यादा इस्तेमाल करें
खेत में पराली न जलाएं, इससे मिट्टी की ताकत खत्म होती है
रासायनिक खाद का संतुलित प्रयोग करें
मिट्टी में जैविक तत्व बढ़ाएं, फसल अपने आप बढ़ेगी
वैज्ञानिकों ने कहा, “जैसे इंसान को सेहतमंद रहने के लिए सही खाना चाहिए, वैसे ही खेत को उपजाऊ रहने के लिए सही देखभाल चाहिए।”
30 नवंबर तक चलेगा प्रचार
यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है। 23 अक्टूबर से 30 नवंबर तक कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेंगी।
किसानों ने भी इस पहल का स्वागत किया और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने का भरोसा दिलाया।











