योगी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय किया 12000, सहायिकाओं को 6000, 5 लाख फ्री इलाज
यूपी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 7500 से बढ़ाकर 12000 और सहायिकाओं का 3750 से बढ़ाकर 6000 रुपये कर दिया। CM योगी ने अयोध्या से किया ऐलान, 5 लाख कैशलेस इलाज भी मिलेगा। बिजनौर में MLC अशोक कटारिया और विधायक ओम कुमार ने बांटे चेक।
बिजनौर। प्रदेश की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के संघर्ष, सेवा और समर्पण को आखिरकार बड़ा सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या से आयोजित भव्य कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 3,750 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह करने की ऐतिहासिक घोषणा की।
इसके साथ ही सभी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने और साड़ी की धनराशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित करने का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मां यशोदा की भूमिका निभा रही हैं, जो प्रदेश के नौनिहालों का भविष्य गढ़ रही हैं।
रिपोर्ट – अवनीश त्यागी, Target TV Live
बिजनौर में सजीव प्रसारण, विदुर सभागार में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बिजनौर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में किया गया। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, नहटौर विधायक ओम कुमार, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंदिरा सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित तमाम अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।
55 लाख करोड़ सीधे खातों में, बिचौलिया राज खत्म : अशोक कटारिया
समारोह को संबोधित करते हुए MLC अशोक कटारिया ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबके विश्वास के सिद्धांत पर चल रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत 55 लाख करोड़ रुपये DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने आंगनबाड़ी बहनों को मानदेय वृद्धि की बधाई देते हुए कहा कि बिजनौर से बलिया तक, गाजियाबाद से गाजीपुर तक, मेरठ से महाराजगंज तक पूरे प्रदेश में लाखों बहनों को इसका लाभ मिलेगा, जिसमें करोड़ों रुपये की वृद्धि हुई है।
कटारिया ने कहा, मनुष्य या तो कृतज्ञ हो सकता है या कृतघ्न, आपको कृतज्ञ बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खजाने का मुंह आमजन के उत्थान और गरीबों के कल्याण के लिए खोल दिया है। पहले 1 रुपया भेजने पर 10 पैसे मिलते थे, आज 100 रुपये भेजने पर पूरे 100 रुपये लाभार्थी को मिलते हैं।
हर चेहरे पर खुशी ला रही सरकार : ओम कुमार
नहटौर विधायक ओम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाज के हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी लाने का कार्य कर रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सभी धर्म, जाति, वर्ग व वर्ण के लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाया जा रहा है।
चेक, प्रशस्ति पत्र, पोषण पोटली और नियुक्ति पत्रों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा :
बढ़े हुए मानदेय के सांकेतिक चेक वितरित किए गए
अति कुपोषित (सैम) बच्चों को चिन्हित करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए
सैम बच्चों व उनकी माताओं को पोषण पोटली प्रदान की गई
नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए
जिलाधिकारी ने दिया ईमानदारी का मंत्र
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कार्यक्रम में पधारे जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा से करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।












