Target Tv Live

मोदी के 12 साल: बदला भारत, बढ़ा विश्वास… ग्रेटर नोएडा से भाजपा ने गिनाईं विकास की बड़ी उपलब्धियां

मोदी के 12 साल: बदला भारत, बढ़ा विश्वास… ग्रेटर नोएडा से भाजपा ने गिनाईं विकास की बड़ी उपलब्धियां

 

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में विजयपाल तोमर बोले- “सेवा, सुशासन और जनकल्याण को मोदी ने बनाया शासन का आधार”
रिपोर्टओमप्रकाश चौहानमल। TargetTvLive | ग्रेटर नोएडा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल में भव्य विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ओडिशा भाजपा प्रभारी (पूर्व सांसद) विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन का मूल मंत्र बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की जनता और नेतृत्व के बीच विश्वास का ऐसा मजबूत रिश्ता बना है जिसने भारत को नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि पहले भारत को कई मामलों में दूसरों पर निर्भर माना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश की सुरक्षा नीति मजबूत हुई है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और भारत वैश्विक मंच पर मजबूती के साथ अपनी बात रख रहा है। रक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो देश कभी हथियार आयात करता था, आज वही देश रक्षा उत्पादन और निर्यात में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के लिए विकास कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मिशन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का सफर भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा है। आज देश में योजनाएं केवल घोषित नहीं होतीं, बल्कि तय समय पर पूरी भी होती हैं। यही नई कार्य संस्कृति मोदी सरकार की पहचान बनी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने बताया कि देश में अब तक लगभग आठ लाख किलोमीटर सड़कें बन चुकी हैं, जिनमें से करीब चार लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों में तैयार हुई हैं। इससे गांवों की दूरी शहरों से कम हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में बन रहा जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी नए भारत की बदलती तस्वीर का प्रतीक है, जो आने वाले समय में क्षेत्र के विकास को नई उड़ान देगा।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना और अन्य जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का परिणाम है कि करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़े हैं।

अभियान के जिला संयोजक सत्येंद्र नागर ने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और आयकर में राहत जैसे कदमों ने आम लोगों का जीवन आसान बनाया है।

सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, मजबूत नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प की कहानी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों को गिनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच विकास और विश्वास के संदेश को और मजबूत करने का प्रयास भी है। ग्रेटर नोएडा का यह सम्मेलन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें