वायरल वीडियो के बाद सीएमओ की बड़ी कार्रवाई, डॉ. प्रमोद कुमार हटाए गए
अफजलगढ़ सीएचसी में किया स्थानांतरण, क्वैक्स नोडल अधिकारी के दायित्व से भी मुक्त
बिजनौर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बिजनौर डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने तत्काल प्रभाव से डॉ. प्रमोद कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका स्थानांतरण कर दिया है। साथ ही उन्हें नोडल अधिकारी (क्वैक्स) के दायित्वों से भी मुक्त कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. प्रमोद कुमार, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर (नजीबाबाद) में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात थे, को अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ में रिक्त चिकित्सा अधिकारी के पद पर भेजा गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह तत्काल कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें तथा प्रभार प्रमाण पत्र संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।
एक अन्य आदेश में सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के दृष्टिगत डॉ. प्रमोद कुमार को ब्लॉक नजीबाबाद और शेरकोट क्षेत्र के नोडल अधिकारी (क्वैक्स) के कार्यों से तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाता है। आदेश में कहा गया है कि अग्रिम आदेशों तक वे क्वैक्स से संबंधित कोई कार्य नहीं करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि वायरल वीडियो के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया है। हालांकि आदेश में वायरल वीडियो की प्रकृति का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
सीएमओ कार्यालय द्वारा जारी आदेशों की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है।












