LIVE VIDEO: बिजनौर में अचानक गिरी बिजली लाइन, देखते ही देखते आग का गोला बनी कार
चंद सेकेंड की देरी पड़ सकती थी भारी, कर्मचारियों की बहादुरी से टला बड़ा धमाका
By Avnish Tyagi | TargetTvLive
बिजनौर। शहर के सिविल लाइन इलाके में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। प्रतीक जैन पेट्रोल पंप के पास अचानक बिजली के खंभे में जोरदार फाल्ट हुआ और एलटी लाइन का तार टूटकर नीचे खड़ी स्विफ्ट कार पर आ गिरा। तार गिरते ही कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।
घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। पेट्रोल पंप के बिल्कुल पास आग लगने से लोगों की सांसें थम गईं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने दिखाई जान पर खेलकर बहादुरी
जब लोग दूर खड़े होकर आग का वीडियो बना रहे थे, उसी दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाई। कर्मचारियों ने तुरंत फायर सिलेंडर उठाए और आग बुझाने में जुट गए। साथ ही बिजलीघर को फोन कर सप्लाई बंद कराई गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कुछ मिनट और देरी हो जाती तो आग पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती थी और पूरा इलाका दहल सकता था।
बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में कई जगह पुराने और जर्जर तार हादसों को दावत दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
लोगों का आरोप है कि गर्मी बढ़ते ही बिजली लाइनों में फाल्ट और स्पार्किंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, फिर भी समय पर सुधार कार्य नहीं किए जा रहे।
गनीमत रही, कोई जान नहीं गई
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि उस समय कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना यह हादसा बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
घटना के बाद काफी देर तक इलाके में भीड़ जमा रही और लोग पूरे घटनाक्रम की चर्चा करते नजर आए।
अब उठ रहे बड़े सवाल
- आखिर जर्जर बिजली तारों की जांच कब होगी?
- पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है?
- क्या बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
शहरवासियों ने प्रशासन से तत्काल बिजली लाइनों की जांच और मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
#BijnorNews #BreakingNews #SwiftCarFire #ElectricWireFall #CivilLineBijnor #TargetTvLive #AvnishTyagi #UPNews #FireNearPetrolPump #BijnorBreaking












