Target Tv Live

खेत में तालाब बनवाइए, सरकार दे रही ₹52,500 की सीधी सब्सिडी, किसान ऐसे उठाएं फायदा

खेत में तालाब बनवाइए, सरकार दे रही ₹52,500 की सीधी सब्सिडी, किसान ऐसे उठाएं फायदा

बिजनौर के किसानों के लिए सुनहरा मौका, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा योजना का लाभ

बिजनौर। खेती में बढ़ती लागत, गिरता भूजल स्तर और मौसम की मार से परेशान किसानों के लिए अब राहत की बड़ी खबर सामने आई है। सरकार की राष्ट्रीय कृषि विकास (खेत तालाब) योजना किसानों के लिए कमाई का नया रास्ता खोल रही है। इस योजना के तहत खेत में तालाब बनवाने पर सरकार किसानों को ₹52,500 तक की सब्सिडी दे रही है। इतना ही नहीं, तालाब बनवाने वाले किसानों को पंप सेट पर भी अलग से अनुदान मिलेगा।

खास बात यह है कि खेत तालाब अब सिर्फ पानी जमा करने का साधन नहीं रहेगा, बल्कि किसान इससे मछली पालन, मोती की खेती, सिंघाड़ा उत्पादन और सब्जी खेती कर लाखों की अतिरिक्त कमाई भी कर सकेंगे।

भूमि संरक्षण अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया के अनुसार जनपद बिजनौर में इस वर्ष योजना के तहत 12 तालाबों का लक्ष्य तय किया गया है। योजना का लाभ “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा। ऐसे में किसानों के बीच आवेदन को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

किन किसानों को मिलेगा फायदा?

योजना के तहत दो तरह के किसान आवेदन कर सकते हैं—

पहली श्रेणी

वे किसान जिन्होंने पिछले 7 वर्षों में कृषि या उद्यान विभाग के माध्यम से स्प्रिंकलर सेट लगवाया हो और वह अभी चालू हालत में हो।

दूसरी श्रेणी

वे किसान जिन्होंने अभी तक स्प्रिंकलर सिस्टम नहीं लगवाया, लेकिन खेत तालाब योजना का लाभ लेना चाहते हैं। ऐसे किसानों को उद्यान विभाग के माध्यम से स्प्रिंकलर सिस्टम लगवाना होगा।

कितना बड़ा होगा तालाब और कितनी मिलेगी सहायता?

सरकार द्वारा तय लघु तालाब का आकार होगा—

22 मीटर लंबा × 20 मीटर चौड़ा × 3 मीटर गहरा

इस तालाब को बनाने में करीब ₹1,05,000 की लागत आएगी। इसमें सरकार किसानों को 50 प्रतिशत यानी अधिकतम ₹52,500 तक अनुदान देगी। यह रकम सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

दो किस्तों में मिलेगा पैसा

योजना के तहत सहायता राशि दो चरणों में मिलेगी—

 तालाब खुदाई पूरी होने पर — ₹39,375
 पक्का इनलेट बनने के बाद — ₹13,175

इससे किसानों को निर्माण कार्य में आर्थिक राहत मिलेगी।

आवेदन के लिए ₹1000 टोकन मनी जरूरी

किसानों को कृषि विभाग के “दर्शन पोर्टल (upagridarshan-2.0)” पर ऑनलाइन टोकन बुकिंग करनी होगी।

टोकन कंफर्म होने के बाद किसानों को ₹1000 टोकन मनी यूपीआई से जमा करनी होगी। यदि किसान तय समय में खुदाई पूरी नहीं करता तो यह राशि जब्त हो जाएगी। हालांकि समय पर काम पूरा करने वाले किसानों को यह राशि वापस भी कर दी जाएगी।

तालाब से बदलेगी खेती की तस्वीर

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में खेत तालाब खेती की सबसे बड़ी जरूरत बनने जा रहे हैं। इससे—

  • बारिश का पानी संरक्षित होगा
  • भूजल स्तर सुधरेगा
  • सिंचाई खर्च कम होगा
  • सूखे में फसल बच सकेगी
  • किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ेगी

कई किसान तालाब के जरिए अब खेती के साथ-साथ मछली पालन और जल आधारित खेती की ओर भी बढ़ रहे हैं।

पंप सेट पर भी मिलेगा बड़ा अनुदान

सरकार ने तालाब बनवाने वाले किसानों के लिए पंप सेट सहायता भी शुरू की है। किसानों को पंप सेट खरीदने पर 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹15,000 तक का अनुदान मिलेगा। इससे खेतों तक पानी पहुंचाना आसान होगा।

जल्द शुरू होगी बुकिंग, किसान रहें तैयार

भूमि संरक्षण विभाग के मुताबिक खेत तालाब योजना के लिए पोर्टल जल्द सक्रिय होने जा रहा है। सीमित लक्ष्य होने के कारण किसानों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि किसान इस योजना का सही उपयोग करें तो बिजनौर में खेती का मॉडल बदल सकता है और किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर बहुआयामी खेती की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।

रिपोर्ट : अवनीश त्यागी
TargetTvLive

#खेत_तालाब_योजना #बिजनौर #किसान_समाचार #सरकारी_योजना #राष्ट्रीय_कृषि_विकास_योजना #FarmPondScheme #मत्स्य_पालन #सिंघाड़ा_खेती #UPAgriculture #कृषि_समाचार #TargetTvLive

Leave a Comment

यह भी पढ़ें